जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

पुलिया निर्माण साइट पर गुंडागर्दी, लूट, रंगदारी: मुंशी को पिस्टल दिखाने और पीटने के मामले में कई एंगल

चंदौली के चकरघट्टा में निर्माणाधीन पुलिया साइट पर मुंशी के साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने रंगदारी, पिस्टल दिखाकर चेन और नकदी लूटने का आरोप लगाया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

 
 

वर्किंग साइट पर मुंशी से मारपीट

पिस्टल सटाकर चेन लूटने का आरोप

चकरघट्टा पुलिस ने शुरू की जांच

मुख्य आरोपी सोनभद्र का रहने वाला

क्षेत्राधिकारी नौगढ़ ने दी पूरी जानकारी

चंदौली जिले के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के अंतर्गत धनकुवारी महादेवा के पास एक निर्माणाधीन पुलिया साइट पर रंगदारी और मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ निर्माण कार्य की देखरेख कर रहे मुंशी के साथ कुछ लोगों ने कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित ने हमलावरों पर रंगदारी मांगने, जान से मारने की धमकी देने और सोने की चेन व नकदी लूटने का आरोप लगाया है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

chandauli-munshi-beaten-at-construction-site-extortion-news

पिस्टल सटाकर मारपीट और लूट का आरोप
जानकारी के मुताबिक, धनकुवारी महादेवा के पास पुलिया निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर करीब पांच लोग वहाँ पहुंचे और साइट पर मौजूद मुंशी प्रदीप कुमार से रंगदारी की मांग करने लगे। आरोप है कि जब मुंशी ने रंगदारी देने से साफ मना कर दिया, तो आरोपियों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित प्रदीप कुमार का कहना है कि हमलावरों ने उन पर पिस्टल सटा दी और पास में रखी नकदी व गले से सोने की चेन छीन ली। इस हमले में मुंशी की उंगली में फ्रैक्चर हो गया है।

chandauli-munshi-beaten-at-construction-site-extortion-news

घायल मुंशी जिला अस्पताल रेफर, पुलिस के दावों में मोड़
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों को आता देख आरोपी फरार हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायल मुंशी को तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही चकरघट्टा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, इस मामले में पुलिस का नजरिया थोड़ा अलग है। स्थानीय लोगों के मुताबिक शुरुआती विवाद कुछ और ही था।

आरोपी सोनभद्र का रहने वाला, गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज
क्षेत्राधिकारी (CO) नौगढ़ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित मुंशी की तरफ से तहरीर मिली है, जिसमें नकदी, सोने की चेन लूटने और पिस्टल दिखाकर धमकाने की बात कही गई है। लेकिन, घटनास्थल पर मौजूद कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने लूट और पिस्टल तानने की बात से इनकार किया है। शुरुआती जांच में यह मामला पुलिया निर्माण के रास्ते पर बाइक सवारों और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों के बीच अचानक हुए आपसी विवाद का लग रहा है।

पुलिस ने मुख्य आरोपियों की पहचान कर ली है, जिसमें सामने आया है कि मुख्य आरोपी पड़ोसी जिले सोनभद्र का रहने वाला है। पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*