जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नौगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पिकअप में गुप्त चैंबर बनाकर की जा रही गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 33 किलो गांजा जब्त

चंदौली की नौगढ़ पुलिस ने पिकअप वाहन में बने गुप्त चैंबर से 33.500 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। मौके से झारखंड के एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

 
 

नौगढ़ पुलिस ने पकड़ा अवैध गांजा

पिकअप के गुप्त चैंबर में छुपाया था गांजा

33 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद

झारखंड निवासी तस्कर राजीव कुमार गिरफ्तार

अंबिकापुर से वाराणसी जा रही थी खेप

चंदौली जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। उच्च अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार के नेतृत्व में नौगढ़ थाना पुलिस ने मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान जयमोहनी रेंज के पास मधुपुर की तरफ जा रही एक संदिग्ध मैजिक पिकअप गाड़ी को रोककर उसकी गहनता से तलाशी ली गई।


गाड़ी के नीचे लोहे की प्लेट के पीछे बना था गुप्त चैंबर

जब पुलिस टीम ने पिकअप गाड़ी के पिछले हिस्से (डाले) की बारीकी से जांच की, तो उसमें एक खास तरह का गुप्त चैंबर बना हुआ मिला। डाले की सतह पर लगी लोहे की प्लेट के नीचे छिपाकर रखे गए प्लास्टिक और टेप में लिपटे कुल 33 बंडल बरामद किए गए। तहसीलदार नौगढ़ की मौजूदगी में जब इन बंडलों का वजन कराया गया, तो उसमें से कुल 33 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा निकला।

झारखंड का तस्कर अंबिकापुर से वाराणसी लेकर जा रहा था माल

पुलिस ने मौके से गांजा तस्करी में शामिल 29 वर्षीय तस्कर राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। राजीव कुमार झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले का रहने वाला है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इस अवैध गांजे की खेप को छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से ला रहा था और इसे वाराणसी के चांदमारी इलाके में पहुंचाने जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन (UP 65 JT 8607) को भी जब्त कर लिया है।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

इस पूरी सफलता में थानाध्यक्ष संतोष कुमार के साथ उपनिरीक्षक अभय कुमार सिंह, उपनिरीक्षक हरिमोहन राम, हेड कांस्टेबल परशुराम, कांस्टेबल कोमल परिहार और कांस्टेबल विनोद कुमार की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नौगढ़ थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*