नौगढ़ में मुनादी: कोर्ट के वारंट के बाद भी फरार है पशु तस्कर बेचू चौहान के घर बजी पुलिस की ढोल, पेश न हुआ तो कुर्की की तैयारी
चंदौली के नौगढ़ में पुलिस की तमाम दबिश और कोर्ट के वारंट के बावजूद वांछित पशु तस्कर बेचू चौहान फरार चल रहा है। रविवार को पुलिस ने अमृतपुर गांव में ढोल बजवाकर मुनादी कराई और लोगों से आरोपी की सूचना देने की अपील की।
नौगढ़ पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा पशु तस्कर
चकिया न्यायालय ने जारी किया है गिरफ्तारी वारंट
4 अप्रैल को जंगल के रास्ते गोवंश लेकर भागा था आरोपी
अमृतपुर गांव में पुलिस ने ढोल बजवाकर कराई मुनादी
सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखने का भरोसा
चंदौली पुलिस की कई महीनों की भागदौड़, लगातार दी जा रही दबिश और अदालत के बार-बार नोटिस भेजने के बावजूद एक शातिर पशु तस्कर पुलिस के हाथ नहीं आ रहा है। चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाले अमृतपुर गांव का रहने वाला वांछित पशु तस्कर बेचू चौहान अब तक कानून की गिरफ्त से बाहर है। आखिर वह कहाँ छिपा है और पुलिस उसे क्यों नहीं ढूंढ पा रही है? इसी बड़े सवाल के बीच रविवार को नौगढ़ पुलिस को गांव में ढोल बजवाकर मुनादी करानी पड़ी।
नौगढ़ पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा पशु तस्कर
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) June 28, 2026
चकिया न्यायालय ने जारी किया है गिरफ्तारी वारंट
4 अप्रैल को जंगल के रास्ते गोवंश लेकर भागा था आरोपी
अमृतपुर गांव में पुलिस ने ढोल बजवाकर कराई मुनादी@chandaulipolice @Uppolice @naugarhcdi pic.twitter.com/iwuDrvicYB
4 अप्रैल को जंगल के रास्ते हुआ था फरार
इस पूरे मामले की शुरुआत 4 अप्रैल को हुई थी। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्राथमिक विद्यालय पंडी से करीब 500 मीटर दूर जंगल के रास्ते कुछ लोग गोवंशों (गायों और बछड़ों) को पैदल ही बिहार ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी की और तस्करों का पीछा किया। लेकिन घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर बेचू चौहान अपने दो साथियों के साथ पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। तभी से पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है।
अदालत के नोटिस को दिखाया ठेंगा
फरार होने के बाद आरोपी बेचू चौहान को अदालत में हाजिर होने के लिए कई बार कानूनी नोटिस जारी किए गए। लेकिन उसने कानून का जरा भी सम्मान नहीं किया और एक भी नोटिस का जवाब देने कोर्ट नहीं पहुँचा। आरोपी की इस मनमानी को देखते हुए चकिया न्यायालय ने उसके खिलाफ सख्त रुख अपनाया और सीधे गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया। इसके बाद पुलिस ने उसके घर, रिश्तेदारों और तमाम संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की, लेकिन शातिर तस्कर हाथ नहीं लगा।
गांव में ढोल बजवाकर दी गई चेतावनी
जब छापेमारी से भी बात नहीं बनी, तो रविवार को नौगढ़ पुलिस की टीम लाउडस्पीकर और ढोल-नगाड़ों के साथ अमृतपुर गांव पहुँची। पुलिस ने पूरे गांव में सार्वजनिक रूप से ढोल बजवाकर मुनादी कराई और आरोपी के घर पर न्यायालय का नोटिस चस्पा किया। पुलिस ने ग्रामीणों को साफ चेतावनी दी कि आरोपी बेचू चौहान कानून का भगोड़ा है। अगर वह कहीं भी दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दें।
सूचना देने वाले का नाम रखा जाएगा गुप्त
नौगढ़ पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि जो भी व्यक्ति इस तस्कर के बारे में सही जानकारी देगा, उसका नाम और पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी ताकि उसे कोई खतरा न हो। इस पूरी कार्रवाई के दौरान उपनिरीक्षक सुभाष चंद्र गौतम, हेड कांस्टेबल परशुराम, कांस्टेबल सूबेदार और कांस्टेबल सुनील पांडे सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। अब देखना यह है कि पुलिस की इस मुनादी के बाद आरोपी कब तक पकड़ा जाता है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








