जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

लापरवाही या हत्या? जर्जर तार की चपेट में आने से संजय यादव ने गंवाई जान, जेई पर कार्रवाई की मांग

चंदौली के नौगढ़ में बिजली विभाग की अनदेखी ने एक किसान की जान ले ली। टिकूरिया गांव में जर्जर तार की चपेट में आने से संजय यादव की मौत हो गई। बार-बार की शिकायतों के बावजूद तार न बदलने पर ग्रामीणों ने जेई राजेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

 

नौगढ़ के टिकूरिया गांव में जर्जर तार टूटने से हादसा


खेत की रखवाली करने जा रहे किसान की करंट से मौत


जेई राजेश कुमार पर लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप


बांस-बल्ली के सहारे लटके तारों ने ली एक और जान


मृतक के परिवार में मचा कोहराम, पत्नी और बच्चों का बुरा हाल

उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद अंतर्गत नौगढ़ क्षेत्र में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही के चलते एक और घर का चिराग बुझ गया। बार-बार की शिकायतों और चेतावनियों के बावजूद जर्जर तारों को दुरुस्त नहीं किया गया, जिसका खामियाजा एक निर्दोष किसान को अपनी जान देकर भुगतना पड़ा। यह घटना केवल एक हादसा नहीं, बल्कि विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

खेत की रखवाली करने जा रहे किसान के साथ हुआ हादसा
चकरघट्टा थाना क्षेत्र के टिकूरिया गांव निवासी संजय यादव रविवार सायंकाल करीब 7 बजे अपने खेत की रखवाली के लिए घर से निकले थे। उसी दौरान हल्की बूंदाबांदी के बीच अचानक ऊपर से गुजर रहा जर्जर बिजली का तार टूटकर गिर गया। संजय यादव तार की चपेट में आ गए और जोरदार करंट लगने से मौके पर ही गंभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

जेई राजेश कुमार पर शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप
ग्रामीणों और ग्राम प्रधान मौलाना यादव का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली की स्थिति अत्यंत जर्जर है। कई गांवों में तार बांस-बल्ली के सहारे लटक रहे हैं। इस गंभीर समस्या के बारे में संबंधित जेई राजेश कुमार को कई बार अवगत कराया गया और संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी के समक्ष भी गुहार लगाई गई थी। आरोप है कि जेई ने इन शिकायतों को ठंडे बस्ते में डाल दिया, जिसका परिणाम आज इस दुखद मौत के रूप में सामने आया है।

10-15 गांवों में मौत का जाल बने झूलते तार
नौगढ़ क्षेत्र के लगभग 10 से 15 गांवों में बिजली के तार किसी भी समय बड़े हादसे को दावत दे रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के कारण ग्रामीण डर के साये में जीने को मजबूर हैं। संजय यादव की मौत के बाद उनके पीछे पत्नी हीरावती और दो बेटे संदीप व गोलू का रो-रोकर बुरा हाल है। एक हंसता-खेलता परिवार सिस्टम की भेंट चढ़ गया।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद चकरघट्टा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इस घटना के जिम्मेदार जेई राजेश कुमार को तत्काल निलंबित किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि जब तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती और जर्जर तार नहीं बदले जाते, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*