चंदौली समाचार की खबर का बड़ा असर: नौगढ़ वन क्षेत्र में 6 JCB के साथ 20 हेक्टेयर कब्जे पर बड़ी कार्रवाई
नौगढ़ के मझगांई रेंज में वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। "चंदौली समाचार" की खबर के बाद जगी सरकार ने 6 जेसीबी मशीनों के साथ जंगल में अवैध निर्माणों को ढहा दिया।
20 हेक्टेयर के प्लांटेशन पर हुआ बुलडोजर एक्शन
खबर के बाद जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
एक साथ 6 जेसीबी मशीनों से हटा अतिक्रमण
भारी पुलिस और पीएसी बल रहा मौके पर तैनात
डेढ़ सौ अतिक्रमणकारियों ने जंगल पर किया था कब्जा
चंदौली जनपद में "चंदौली समाचार" की निष्पक्ष और जनहितकारी पत्रकारिता का एक बार फिर बड़ा असर देखने को मिला है। तहसील नौगढ़ क्षेत्र के मझगांई रेंज में वन भूमि पर कब्जा जमाए बैठे अतिक्रमणकारियों के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने निर्णायक कार्रवाई की। जिला प्रशासन और वन विभाग की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जंगल में बुलडोजर चलाकर करोड़ों की वन संपत्ति को अतिक्रमण मुक्त कराया।

खबर के बाद हरकत में आया प्रशासन
विदित हो कि मझगांई रेंज के 'ओखरीहवा रोपावनी' क्षेत्र में वर्ष 2023-24 के दौरान लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर सघन पौधरोपण (प्लांटेशन) किया गया था। दो वर्षों की मेहनत के बाद पौधे 10 से 12 फीट तक बड़े हो चुके थे। इसी बीच करीब डेढ़ सौ अतिक्रमणकारियों ने संगठित होकर हरे-भरे पौधों को काट डाला और वहां झोपड़ियां डालकर अवैध कब्जा करना शुरू कर दिया था। इस गंभीर मामले को "चंदौली समाचार" ने 9 मार्च को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर में बताया गया था कि डीएफओ बी. शिवशंकर द्वारा फोर्स मांगे जाने के 10 दिन बाद भी पुलिस बल न मिलने से कार्रवाई अटकी हुई है।
6 जेसीबी मशीनों के साथ 'मेगा ऑपरेशन'
खबर के माध्यम से शासन और प्रशासन का ध्यान आकृष्ट होने के बाद जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मामले को गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर मंगलवार को मझगांई वन क्षेत्र में एक साथ 6 जेसीबी मशीनें उतारी गईं। देखते ही देखते वन भूमि पर बनाए जा रहे अवैध पक्के निर्माण और झोपड़ियों को जमींदोज कर दिया गया। मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारी प्रशासन के इस सख्त रुख को देख पीछे हटने को मजबूर हो गए।
भारी फोर्स के साथ उच्चाधिकारी भी रहे मौजूद
इस बड़े अभियान की संवेदनशीलता को देखते हुए मौके पर भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। अभियान के दौरान तहसीलदार अनुराग सिंह, एसडीओ नौगढ़ वरुण प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी नामेन्द्र कुमार रावत और रेंजर अमित श्रीवास्तव मौजूद रहे। सुरक्षा की दृष्टि से चकिया और नौगढ़ सर्किल के कई थानों की पुलिस, थाना प्रभारियों और पीएसी (PAC) के जवानों को तैनात किया गया था। वन विभाग की उड़न दस्ता टीम ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी थी ताकि कोई भी अप्रिय स्थिति पैदा न हो सके।
अतिक्रमणकारियों को सख्त संदेश
प्रशासन की इस कार्रवाई से वन भूमि पर भू-माफियाओं और अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया है। "चंदौली समाचार" ने न केवल खबर प्रकाशित की, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से उच्चाधिकारियों को टैग कर वन संपदा के नुकसान की ओर ध्यान खींचा, जिसके परिणामस्वरूप आज यह सफलता मिली। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







