जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

चंदौली समाचार की खबर के बाद सांसद छोटेलाल खरवार के गांव मंगरही में 25 दिन बाद लगा ट्रांसफार्मर, लौटी रौशनी

चंदौली समाचार की खबर का बड़ा असर हुआ है। सोनभद्र सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार के पैतृक गांव मंगरही में 25 दिन से खराब पड़ा ट्रांसफार्मर आखिरकार बदल दिया गया, जिससे गांव में फिर से रौशनी लौट आई है।

 
 

चंदौली समाचार की खबर का असर

25 दिन बाद गांव में लौटी रौशनी

सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार ने लगाई फटकार

दो दिन के भीतर बदला गया ट्रांसफार्मर

ग्रामीणों ने जताई राहत और खुशी

जब सच लिखा जाता है तो उसका असर भी जरूर दिखता है। चंदौली समाचार पर "सांसद के गांव में 25 दिन से अंधेरा" खबर प्रकाशित होते ही बिजली विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। इस खबर का असर यह हुआ कि पिछले 25 दिनों से खराब पड़े ट्रांसफार्मर को महज 2 दिनों के भीतर बदल दिया गया। सोनभद्र के सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार के पैतृक गांव मंगरही में आखिरकार फिर से बिजली की सप्लाई शुरू हो गई है।

सांसद ने अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
खबर सामने आने के बाद सांसद कुंवर छोटेलाल खरवार ने भी मामले को काफी गंभीरता से लिया। उन्होंने मोबाइल पर ही बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। फोन पर बातचीत के दौरान एसडीओ बार-बार सांसद से काम पूरा करने के लिए एक दिन का समय मांगते नजर आए। इसके तुरंत बाद विभाग ने आनन-फानन में नया ट्रांसफार्मर भेजकर गांव में बिजली बहाल करवा दी।

25 दिनों तक अंधेरे में रहने को मजबूर थे ग्रामीण
एक तरफ जहां सरकार 24 घंटे बिजली देने के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं सांसद के पैतृक गांव मंगरही में लोग 25 दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर थे। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली दफ्तर के चक्कर लगाने से लेकर टोल-फ्री नंबर 1912 तक हर जगह गुहार लगाई थी। लेकिन न तो फाइलें आगे खिसकीं और न ही अफसर जागे। नतीजतन, पीने का पानी, बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी जरूरतें पूरी तरह ठप हो गई थीं।

सच दिखाने पर आखिरकार झुका बिजली विभाग का सिस्टम
गांव के रामकेर, विजय लाल, बलवंत, गुरु प्रसाद, दिलीप, बेंचू और अकबाल ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि जब सांसद के गांव का यह हाल है तो आम जनता की सुनवाई कैसे होगी। हालांकि, चंदौली समाचार द्वारा समस्या को प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद बिजली विभाग के इंजीनियर योगेंद्र पाल और उनकी पूरी टीम को झुकना पड़ा। ट्रांसफार्मर लगते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और ग्रामीणों ने चंदौली समाचार व सांसद का दिल से धन्यवाद किया।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*