भरदुआ अतिक्रमण मामले में SP फरमान, सभी 70-80 उपद्रवियों पर FIR, एक-एक को भेजेंगे जेल
चंदौली के भरदुआ में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर हमला करने वाले 70-80 लोगों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसपी चंदौली ने साफ चेतावनी दी है कि उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा और वन भूमि पर अब कोई कब्जा बर्दाश्त नहीं होगा।
भरदुआ में सरकारी टीम पर हमला
70-80 उपद्रवियों की पहचान जारी
अवैध कब्जे में लगे 2 ट्रैक्टर सीज
क्षेत्र में 24 घंटे गश्त के आदेश
कानून हाथ में लेने पर जेल की चेतावनी
चंदौली जिले के भरदुआ गांव में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर वन भूमि से अवैध अतिक्रमण हटाने गई सरकारी टीम पर हमले के बाद माहौल गरमा गया है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे एसपी चंदौली ने उपद्रवियों को खुली चुनौती दी है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
एसपी चंदौली ने बताया कि इस हिंसक घटना में करीब 70 से 80 लोग शामिल थे। पुलिस अब वीडियो फुटेज, फोटोग्राफ्स और मौके पर मौजूद गवाहों के बयानों के आधार पर एक-एक आरोपी की पहचान कर रही है। पुलिस का दावा है कि घटना में शामिल हर एक व्यक्ति को चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
थाना नौगढ़ अन्तर्गत पुलिस टीम, राजस्व और वन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा अवैध कब्ज़ा हटवाने के दौरान घटित घटना के सम्बन्ध में श्रीमान पुलिस अधीक्षक महोदय का वक्तव्य।#chandauli #chandaulinews #chandaulisamachar #Chandaulilive #naugarh #naugarhnews #naugarhsamachar pic.twitter.com/3aTfk782Do
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) August 19, 2026
सरकारी काम में बाधा डालने वालों पर दर्ज होगा मुकदमा
एसपी ने कड़े तेवर दिखाते हुए कहा कि सरकारी काम रोकना, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर हमला करना और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना एक गंभीर अपराध है। इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने, बलवा करने और अन्य सख्त कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा, "अगर भविष्य में किसी ने भी सरकारी टीम को अपना काम करने से रोकने या हमला करने की कोशिश की, तो उसका अंजाम बेहद बुरा होगा। पुलिस प्रशासन अपनी पूरी ताकत से सख्त कार्रवाई करेगा और किसी भी उपद्रवी को जेल जाने से कोई नहीं बचा पाएगा।"
2 ट्रैक्टर और उपकरण सीज, वन भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं
अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एसपी ने बताया कि वन विभाग की जमीन पर अवैध कब्जे और खेत बनाने के काम में इस्तेमाल किए गए 2 ट्रैक्टरों और अन्य उपकरणों को सीज कर लिया गया है। उन्होंने साफ कर दिया कि वन विभाग की जमीन पर अब किसी भी तरह का अवैध कब्जा किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
क्षेत्र में दोबारा ऐसी घटना न हो, इसके लिए एसपी ने पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम को पूरे इलाके में 24 घंटे लगातार गश्त (पेट्रोलिंग) करने के निर्देश दे दिए हैं। पूरे गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
विवाद है तो कोर्ट जाएं, कानून हाथ में न लें: एसपी
स्थानीय लोगों को सख्त संदेश देते हुए एसपी चंदौली ने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को वन भूमि से जुड़ा कोई विवाद या आपत्ति है, तो उसे अपनी बात कानून के दायरे में रहकर कोर्ट या जिला प्रशासन के समक्ष रखनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश करने वालों पर पुलिस बेहद सख्ती से निपटेगी। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी काम में रुकावट डालने वाली किसी भी साजिश को नाकाम किया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








