चकरघट्टा इलाके में सेफ्टी टैंक की तराई कर रहे पति-पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा, हालत गंभीर, आरोपी से हथियार बरामद
चंदौली के चकरघट्टा थाना क्षेत्र के गढ़वा गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक दंपत्ति पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
सेफ्टी टैंक तराई के दौरान हमला
कुल्हाड़ी के वार से दंपत्ति बेहोश
घायल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर
आरोपी सुभाष यादव हुआ गिरफ्तार
चंदौली जिले के थाना चकरघट्टा अंतर्गत ग्राम गढ़वा में पुरानी रंजिश को लेकर एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी पड़ोसी ने मामूली विवाद और पुरानी दुश्मनी के चलते अपने ही गांव के एक दंपत्ति पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को आलाकत्ल (हथियार) के साथ हिरासत में ले लिया है।
सेफ्टी टैंक की तराई के दौरान हुआ जानलेवा हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल दिनांक 17 मई 2026 की शाम करीब 07:45 बजे ग्राम गढ़वा के निवासी सुनील कुमार यादव (पुत्र राम दुलारे यादव, उम्र करीब 38 वर्ष) अपनी पत्नी ललिता यादव के साथ अपने घर के शौचालय के सेफ्टी टैंक की तराई कर रहे थे। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर घात लगाए बैठे गांव के ही निवासी सुभाष यादव (पुत्र स्वर्गीय बच्चन यादव, उम्र करीब 40 वर्ष) ने उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और घातक था कि सुनील कुमार यादव और उनकी पत्नी ललिता यादव लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गए।
बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर, हालत नाजुक
चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों की सहायता से दोनों गंभीर रूप से घायल पति-पत्नी को तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी, सोनभद्र भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के पश्चात भी सुनील कुमार यादव की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीएचयू (BHU) ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी के लिए रेफर कर दिया है, जहां वर्तमान में उनका उपचार चल रहा है।
आरोपी की गिरफ्तार के बाद भी गांव में पुलिस बल तैनात
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष से प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर नामजद विपक्षी सुभाष यादव के विरुद्ध थाना चकरघट्टा पर मुकदमा अपराध संख्या 20/2026, धारा 109 बी.एन.एस. (BNS) के तहत मामला पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
चकरघट्टा थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नामजद अभियुक्त सुभाष यादव को हिरासत में ले लिया है और उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस प्रशासन के अनुसार, घटनास्थल पर वर्तमान में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और कानून-व्यवस्था संबंधी कोई समस्या नहीं है। एहतियात के तौर पर ग्राम गढ़वा में चकरघट्टा थाने की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








