बारिश में बहा राजकीय महाविद्यालय का मुख्य मार्ग, महाविद्यालय में ठप हुई पढ़ाई
पानी के तेज बहाव में बह गया मुख्य मार्ग
छात्र-छात्राएं कॉलेज पहुंचने से वंचित
जोखिम उठाकर टूटे रास्ते से गुजरने की कोशिश
प्राचार्य ने जताई चिंता, प्रशासन से की मांग
चंदौली जिले के नौगढ़ विकास क्षेत्र के राजकीय महाविद्यालय का मुख्य मार्ग सोमवार को तेज बारिश और पानी के बहाव में पूरी तरह बह गया। सड़क कट जाने से छात्र-छात्राएं कॉलेज नहीं पहुंच पाए। वहीं बाउंड्रीवाल का दक्षिणी हिस्सा भी झुक गया है, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
आपको बता दें कि सुबह से ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं बैग लेकर कॉलेज जाने के लिए निकले थे, लेकिन मेन गेट तक पहुंचने से पहले ही उन्हें क्षतिग्रस्त मार्ग ने रोक दिया। तेज पानी के बहाव में सड़क का बड़ा हिस्सा बह जाने के कारण छात्रों को वापस लौटना पड़ा। कुछ छात्रों ने जोखिम उठाकर टूटे हुए रास्ते से गुजरने की कोशिश भी की, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक दिया।
महाविद्यालय प्रशासन ने स्थिति पर चिंता जताई है। प्राचार्य डॉ. रमेश सिंह ने कहा कि बारिश के चलते सड़क बह जाने से कॉलेज का संचालन प्रभावित हुआ है। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन को तत्काल मार्ग दुरुस्त कराने की मांग भेजी गई है, ताकि छात्रों की पढ़ाई सुचारू रूप से चल सके।
स्थानीय ग्रामीणों और छात्रों का कहना है कि यह समस्या हर साल बारिश में आती है। पानी का तेज बहाव सड़क को कमजोर कर देता है और बार-बार इसकी मरम्मत कराई जाती है। लेकिन इस बार पानी की धारा इतनी तेज थी कि सड़क पूरी तरह बह गई। अब छात्रों को मजबूरी में पढ़ाई से वंचित होना पड़ रहा है।
नौगढ़ राजकीय महाविद्यालय क्षेत्र का प्रमुख शिक्षण संस्थान है, जहां दूर-दराज के गांवों से छात्र-छात्राएं प्रतिदिन पढ़ाई के लिए आते हैं। मुख्य मार्ग क्षतिग्रस्त होने से शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई है। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी से जल्द से जल्द सड़क और कॉलेज की सुरक्षा दीवार की मरम्मत कराने की अपील की है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








