जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ में जंगल बचाने गई वन विभाग की टीम पर कुल्हाड़ी और पत्थरों से हमला, महिला कर्मी समेत 8 घायल, ट्रैक्टर छुड़ा भागे आरोपी

चंदौली के नौगढ़ में आरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जे को रोकने गई वन विभाग की संयुक्त टीम पर अतिक्रमणकारियों ने लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। महिला कर्मी सहित आठ लोग घायल हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें।

 
 

आरक्षित वन भूमि पर अवैध कब्जा

सरकारी टीम पर जानलेवा हमला

महिला वनकर्मी समेत आठ घायल

जब्त किए गए ट्रैक्टर छुड़ा ले गए

छह नामजद आरोपियों पर केस दर्ज

एक तरफ उत्तर प्रदेश सरकार पूरे सूबे में 12 जुलाई को 35 करोड़ पौधे लगाने का बड़ा दावा कर रही है, वहीं दूसरी तरफ चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ के आरक्षित वन क्षेत्र में प्राकृतिक रूप से उगे पौधों को बेरहमी से नष्ट कर जबरन खेत तैयार किए जा रहे हैं। जब वन विभाग की टीम इस अवैध जुताई को रोकने और ट्रैक्टरों को जब्त करने पहुंची, तो अतिक्रमणकारियों ने खुलेआम चुनौती देते हुए कह दिया— "यह जमीन हमारी है।"

forest-department-team-attacked-in-naugharh

महिलाओं को आगे कर किया जानलेवा हमला

यह पूरा मामला काशी वन्यजीव प्रभाग रामनगर के मझगांई रेंज अंतर्गत भैसोड़ा कंपार्टमेंट संख्या-13 का है। यहाँ आरक्षित वन भूमि पर दो ट्रैक्टरों से अवैध जुताई कर कब्जे की कोशिश की जा रही थी। मुखबिर की सूचना पर मझगांई और नौगढ़ रेंज की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों ट्रैक्टर पकड़ लिए। लेकिन तभी 10-12 लोग मौके पर आ धमके। उन्होंने सरकारी कार्रवाई को रोकने के लिए पहले महिलाओं को ट्रैक्टरों के आगे बैठा दिया और फिर पीछे से लाठी-डंडों, पत्थरों व कुल्हाड़ियों से वनकर्मियों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

महिला कर्मी समेत आठ घायल, ट्रैक्टर छुड़ा भागे आरोपी

वनरक्षक दुधनाथ वर्मा की तहरीर के मुताबिक, हमलावरों ने महिला वनकर्मी हेमवंती के साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इस खूनी संघर्ष में वनरक्षक अभिषेक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनके अलावा वन दरोगा महेंद्र सिंह चौहान, वनरक्षक शिवपाल सिंह चौहान, संजय और रोहित चतुर्वेदी समेत कुल आठ कर्मचारी घायल हुए हैं। हमलावर अफरा-तफरी का फायदा उठाकर विभाग द्वारा जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों को जबरन छुड़ाकर भाग गए और जाते-जाते जान से मारने व झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी।

6 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज, जांच जारी

जान बचाकर रेंज कार्यालय पहुंची टीम की शिकायत पर पुलिस महकमा हरकत में आया है। वन विभाग ने इस मामले में छोटू उर्फ किट्टू, सुनील, भगवानदास, आर्यन पटेल, रामजी और मदन मोहन विश्वकर्मा (निवासी लालतापुर) सहित कई अज्ञात महिला-पुरुषों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत वन अपराध दर्ज किया है। चकरघट्टा थाना प्रभारी संतोष कुमार यादव ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है और मामले की सघन जांच के आधार पर कड़ी विधिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले पर प्रभारी रेंज अधिकारी वरुण प्रताप सिंह का कहना है कि वन अपराधों की शिकायत पुलिस को लगातार दी जाती है, लेकिन समय पर सख्त कार्रवाई न होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हो रहे हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*