जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

वन विभाग में बड़ा फेरबदल; चकिया-नौगढ़ में सालों से जमे 10 वनरक्षकों का तबादला, अब वन दरोगाओं पर गिरेगी गाज

काशी वन्यजीव प्रभाग में वर्षों से एक ही जगह जमे 10 वनरक्षकों का अचानक तबादला कर दिया गया है। अवैध कटान और अतिक्रमण पर डीएफओ बी. शिवशंकर के इस कड़े रुख से अब वन दरोगाओं में भी खौफ है।

 

काशी वन्यजीव प्रभाग में बड़ा तबादला

सालों से जमे 10 वनरक्षक बदले गए

अवैध कटान और अतिक्रमण पर कड़ा एक्शन

डीएफओ बी. शिवशंकर की दोटूक चेतावनी

अब वन दरोगाओं की कार्यशैली की समीक्षा


चंदौली जिले के काशी वन्यजीव प्रभाग में जारी हालिया तबादला आदेश को सिर्फ एक रूटीन प्रशासनिक प्रक्रिया मानना बड़ी भूल होगी। चकिया और नौगढ़ जैसे संवेदनशील वन क्षेत्रों में वर्षों से एक ही जगह पर जमे वनरक्षकों को हटाकर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) बी. शिवशंकर ने साफ संकेत दे दिया है। अब विभाग की प्राथमिकता केवल फाइलों को इधर-उधर करना नहीं, बल्कि धरातल पर ठोस काम करके दिखाना होगा। डीएफओ के इस कदम से पूरे महकमे में हड़कंप मच गया है।

पहली सूची में 10 वनरक्षक शामिल, अब वन दरोगाओं की बारी
वन विभाग द्वारा जारी की गई पहली सूची में कुल 10 वनरक्षकों की तैनाती में तत्काल प्रभाव से बदलाव किया गया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे प्रशासनिक आवश्यकता बताया जा रहा है, लेकिन विभागीय सूत्रों का दावा है कि यह महज एक शुरुआत है। प्रभाग में तैनात कुछ सेक्शन अधिकारियों यानी वन दरोगाओं के कामकाज की भी इस समय गहन समीक्षा की जा रही है। यदि उनकी कार्यशैली में कमियां पाई गईं, तो आने वाले दिनों में उनके खिलाफ भी स्थानांतरण और विभागीय कार्रवाई की तलवार लटक रही है।

अवैध कटान और अतिक्रमण पर सख्त हुए डीएफओ बी. शिवशंकर
पिछले काफी समय से वन क्षेत्रों में अवैध पेड़ों की कटान, वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण और वनों के संरक्षण को लेकर लगातार गंभीर शिकायतें मिल रही थीं। इन मामलों में जमीनी स्तर पर कार्रवाई की सुस्त रफ्तार को देखते हुए अब उच्चाधिकारी बेहद गंभीर हो गए हैं। डीएफओ बी. शिवशंकर का कहना है कि एक ही स्थान पर लंबे समय तक टिके रहने का दौर अब खत्म होगा। समय पर बदलाव न होने से विभागीय नियंत्रण कमजोर हो जाता है, इसलिए कार्यसंस्कृति सुधारने के लिए यह कदम जरूरी था।

जानिए किस वनरक्षक को कहां भेजा गया
प्रभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, जिन 10 वनरक्षकों का कार्यक्षेत्र बदला गया है, उनकी पूरी सूची इस प्रकार है:--

मनीष कुमार गुप्ता: जयमोंहनी से चंद्रप्रभा रेंज

श्रीकांत गुप्ता: जयमोंहनी से नौगढ़ रेंज

शिवपाल चौहान: मझगाई से नौगढ़ रेंज

दयानाथ यादव: मझगाई से चंद्रप्रभा रेंज

बबून्दर यादव: नौगढ़ से चकिया रेंज

शिव बख्श सिंह: चकिया से नौगढ़ रेंज

अनिता यादव: चकिया से मझगाई रेंज

सुभाष कुमार: मुगलसराय से चंद्रप्रभा रेंज

अफ़िजूल रहमान: चंद्रप्रभा से मुगलसराय रेंज

अरविंद यादव: चंद्रप्रभा से मझगाई रेंज

कार्यसंस्कृति में बदलाव की कवायद
इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल के बाद अब वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि चकिया और नौगढ़ के जंगलों में अवैध कटान तथा अतिक्रमण जैसी बड़ी समस्याओं पर कितना अंकुश लगता है। जानकारों का मानना है कि यदि इस कड़े फैसले के बाद भी धरातल पर हालात नहीं सुधरे और जनशिकायतों का आना जारी रहा, तो डीएफओ की कार्रवाई का दायरा और ज्यादा कड़ा हो सकता है। फिलहाल, इस कार्रवाई ने सुस्त पड़े अधिकारियों की नींद उड़ा दी है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*