गोलाबाद स्कूल में बवाल: 'मास्टर साहब फिर नहीं आए' सुन भड़के ग्रामीण, स्कूल में ही दे दिया धरना
प्राथमिक विद्यालय गोलाबाद में सहायक अध्यापक अमित कुमार वर्मा की लगातार अनुपस्थिति से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। पहले भी निलंबित हो चुके इस शिक्षक की लापरवाही से बच्चों की पढ़ाई ठप है।
'मास्टर साहब फिर नहीं आए' सुन फूटा गुस्सा
सहायक अध्यापक अमित वर्मा की मनमानी से पढ़ाई ठप
लापरवाही के आरोप में पहले भी 3 महीने रहे निलंबित
स्कूल परिसर में झाड़ियों व गंदगी को लेकर आक्रोश
बिना सूचना गायब रहने पर एबीएसए की सख्त चेतावनी
चंदौली जिले के प्राथमिक विद्यालय गोलाबाद में गुरुवार को उस समय अजीब स्थिति पैदा हो गई जब स्कूल के बच्चों ने घर जाकर रोते हुए शिकायत की कि— "सर... मास्टर साहब आज फिर नहीं आए।" बच्चों की यह बात सुनते ही अभिभावकों और ग्रामीणों के सब्र का बांध टूट गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण और आक्रोशित अभिभावक सीधे स्कूल परिसर पहुंच गए और सहायक अध्यापक की लगातार अनुपस्थिति के विरोध में जमकर नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।

पहले भी सस्पेंड हो चुके हैं शिक्षक अमित वर्मा
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि स्कूल के सहायक अध्यापक अमित कुमार वर्मा ग्रीष्मकालीन अवकाश (गर्मियों की छुट्टियों) से पहले भी अक्सर गायब रहते थे। अब नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने के बाद भी उनकी यही आदत बनी हुई है। इस मामले में सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि खंड शिक्षा अधिकारी (ABSA) लालमणि कनौजिया के अनुसार, अमित वर्मा को पहले भी इसी तरह की लापरवाही के लिए 3 महीने के लिए सस्पेंड किया जा चुका है, लेकिन चेतावनी के बाद बहाल होने पर भी उनमें कोई सुधार नहीं दिखा।
स्कूल में 6 शिक्षक, फिर भी पढ़ाई राम भरोसे
विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक नीरज कुमार यादव ने मौके की स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि स्कूल में कुल 6 शिक्षकों की तैनाती है। इनमें से एक सहायक अध्यापक कमलेश कुमार टीईटी (TET) परीक्षा के लिए स्वीकृत अवकाश पर चल रहे हैं, जबकि सहायक अध्यापक अमित कुमार वर्मा बिना किसी सूचना के गुरुवार को भी गायब रहे। प्रधानाध्यापक ने बताया कि इस मनमानी की लिखित रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
गंदगी और झाड़ियों के बीच पढ़ने को मजबूर बच्चे
धरना-प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों का गुस्सा सिर्फ शिक्षक पर ही नहीं, बल्कि स्कूल की बदहाल व्यवस्था पर भी फूटा। बारिश के इस मौसम में स्कूल परिसर बड़ी-बड़ी झाड़ियों से पटा पड़ा है, जिससे सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सफाईकर्मी कभी समय पर नहीं आता, जिससे बच्चों की सुरक्षा दांव पर लगी है।
एबीएसए बोले— इस बार सीधे होगी विभागीय कार्रवाई
इस पूरे मामले पर खंड शिक्षा अधिकारी (एबीएसए) लालमणि कनौजिया ने सख्त रुख अपनाते हुए 'चंदौली समाचार' को बताया कि शिक्षक अमित कुमार वर्मा को पहले भी सुधरने का मौका दिया गया था। अगर इस बार भी वे बिना किसी वैध कारण या बिना सूचना के गायब पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ विभागीय नियमों के तहत नौकरी से बर्खास्तगी जैसी बेहद कड़ी दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से रामलाल, गजेंद्र, रामकेश, मुन्ना विश्वकर्मा, राजन, बबुंदर, बसंती, प्रेमा और जयप्रकाश सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








