नौगढ़ में होली के पहले तरह तरह की घटनाएं, जानिए अबकी बार कैसी रहेगी होली

एक बार फिर होलिका दहन से पहले होलिका गायब
अराजक तत्वों ने किया होलिका गायब
पीस कमेटी की बैठकों का नहीं दिख रहा है असर
कहीं उत्पातियों के आगे प्रशासन बेबस तो नहीं
चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील में अराजक तत्वों ने एक बार फिर खुलेआम कानून व्यवस्था को चुनौती दी है। होली से पहले जहां पूरा क्षेत्र त्योहार की तैयारियों में जुटा था, वहीं होलिका के अचानक गायब होने की घटना ने सनसनी फैला दी। पंचायत मरवटिया के महुअरिया बस्ती में रखी गई होलिका रातों-रात रहस्यमय तरीके से लापता हो गई।

सुबह जब स्थानीय लोगों ने देखा तो वहां होलिका का कोई निशान नहीं था। लोगों ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस जांच में जुटी हुई है। लेकिन अब तक न होलिका का सुराग मिला और न ही दोषियों की पहचान हो पाई।
पहले होलिका जलाई, अब कर दिया गायब
आपको बता दें कि इससे पहले भी विशेषरपुर गांव में होलिका जला दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया था। इसी तरीके तीन दिन पहले चकरघट्टा थाना क्षेत्र में रविदास मंदिर की मड़ई को नष्ट करने के साथ ही होलिका जलाई गई, जहां थानाध्यक्ष भूपेंद्र निषाद ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इन घटनाओं के बावजूद अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं और अब उन्होंने होलिका को ही गायब कर प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली।
पीस कमेटी की बैठक धरी रह गई, अपराधी बेलगाम
मंगलवार को नौगढ़ और चकरघटृटा थाने में पीस कमेटी की बैठक हुई, जिसमें एसडीएम कुंदन राज कपूर और पुलिस क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा ने अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। लेकिन बैठक के कुछ ही घंटों बाद होलिका गायब होने की घटना ने साबित कर दिया कि अपराधी प्रशासन से नहीं डरते।
क्या सुरक्षित रहेगी होली? लोगों में आक्रोश, पुलिस के लिए अग्नि परीक्षा
इस घटना से स्थानीय लोगों में गुस्सा है। यह सिर्फ लकड़ी का ढांचा नहीं, बल्कि लोगों की आस्था पर हमला है। सवाल यह है कि क्या होली के पर्व पर लोग सुरक्षित रहेंगे? क्या प्रशासन दोषियों को पकड़कर लोगों का भरोसा जीत पाएगा? पुलिस के लिए यह एक बड़ी चुनौती बन चुकी है और अब देखना होगा कि क्या सख्त कार्रवाई होगी या अराजकता का यह खेल यूं ही चलता रहेगा।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*