नौगढ़ में नकली डॉक्टर ने लगाया इंजेक्शन, किशोरी हुई बेहोश
एक और झोलाछाप डॉक्टर की करतूत
17 वर्षीय छात्रा अचानक बेहोश
क्लीनिक बंद कर डॉक्टर हुआ फरार
चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील में एक किशोरी की जिंदगी खतरे में पड़ गई, जब देवरा गांव में क्लीनिक चला रहे एक नकली डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाते ही 17 वर्षीय अर्चना पुत्री रामजी को बेहोश कर दिया। परिजन बता रहे हैं कि इंजेक्शन लगते ही किशोरी कुछ ही मिनटों में जमीन पर गिर पड़ी, और परिवार में हड़कंप मच गया। उसे 108 एंबुलेंस बुला कर नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति बेहद नाजुक बताई और तुरंत उसे संयुक्त जिला चिकित्सालय, चकिया रेफर कर दिया गया।

नकली डॉक्टर हुआ फरार, प्रशासन की लापरवाही
बताया जा रहा है कि किशोरी को इंजेक्शन लगाने वाला डॉक्टर नकली निकला और घटना के तुरंत बाद क्लीनिक बंद कर फरार हो गया। इस तरह की हो रही लगातार घटनाएं नौगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करती है, क्योंकि हाल ही में कस्बा नौगढ़ में आशीर्वाद हॉस्पिटल में गर्भवती महिला की मौत हो चुकी है, जिसके बाद भी कुछ क्लीनिक खुले हुए हैं। लोगों का कहना है कि अधिकारी अब केवल सिर्फ मौत का इंतजार कर रहे हैं।
किशोरी की स्थिति खतरे से बाहर
पंचायत मझगावां के तेंदुआ गांव के रहने वाले राम जी ने बताया कि किशोरी अब खतरे से बाहर है और इलाज जारी है, इस मामले की शिकायत एसडीएम से करने की बात कही है। इधर ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना सिर्फ अपातकालीन नहीं, बल्कि सिस्टम की गंभीर कमजोरी है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि नकली डॉक्टरों और लापरवाह क्लीनिकों पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो वे कमिश्नर वाराणसी और मुख्यमंत्री के सीएम पोर्टल तक अपनी आवाज़ पहुंचाएंगे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







