जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ में नक्सलियों के खौफ पर जीत: 22 साल बाद खंडहर से गुलजार होगा मझगाई रेंज कार्यालय, 15 मई से गूंजेंगे वैदिक मंत्र

वर्ष 2004 में नक्सलियों द्वारा ध्वस्त किया गया मझगाई रेंज कार्यालय अब 22 साल बाद फिर से जीवंत होने जा रहा है। रेंजर अमित श्रीवास्तव की पहल पर मरम्मत कार्य पूर्ण हो चुका है और 15 मई से यहाँ सरकारी कामकाज आधिकारिक रूप से शुरू होगा।

 
 

19 नवंबर 2004 को नक्सलियों ने उड़ाया था कार्यालय

रेंजर अमित श्रीवास्तव ने कराया जर्जर परिसर का कायाकल्प

22 साल बाद जयमोहनी से मझगाई लौटेगा वन विभाग

15 मई को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होगा भव्य शुभारंभ

वन अपराधों पर लगाम लगाने में मिलेगी बड़ी कामयाबी

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में स्थित मझगाई रेंज कार्यालय किसी समय नक्सलियों के आतंक की सबसे बड़ी और भयावह निशानी माना जाता था। 19 नवंबर 2004 की वह काली रात आज भी लोगों के जहन में ताजा है, जब नक्सलियों ने रेंजर आवास और कार्यालय पर बारूद के धमाकों से भीषण हमला बोला था। उस हमले में दो वनरक्षक शहीद हो गए थे और पूरा सरकारी परिसर मलबे के ढेर में तब्दील हो गया था। घटना इतनी खौफनाक थी कि इसके बाद सिस्टम ने पीछे हटने में ही भलाई समझी और वन विभाग का कामकाज करीब 10 किलोमीटर दूर जयमोहनी रेंज परिसर से संचालित होने लगा।

खंडहर से कार्यालय बनने का सफर
बीते 22 सालों में कई अधिकारी आए और गए, लेकिन किसी ने भी उस वीरान परिसर में दोबारा जान फूंकने की हिम्मत नहीं जुटाई। करीब छह माह पहले जब रेंज अधिकारी अमित श्रीवास्तव ने मझगाई रेंज की कमान संभाली, तो उन्होंने इस चुनौती को स्वीकार किया। उन्होंने खंडहर में तब्दील हो चुके कार्यालय को फिर से खड़ा करने का संकल्प लिया। अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में बंद पड़े कमरों की मरम्मत कराई गई, बिजली की नई वायरिंग हुई, पानी की टंकियां लगाई गईं और पूरे परिसर की साफ-सफाई व रंगाई-पुताई कराकर उसे आधुनिक कामकाज के योग्य बनाया गया।

mazgai-range-office-reopens-after-22-years-naugharh-news

15 मई को वैदिक मंत्रोच्चार से होगी नई शुरुआत
रेंजर अमित श्रीवास्तव की इस मेहनत का परिणाम है कि आगामी 15 मई को पूरा परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन के साथ सरकारी गतिविधियों के लिए फिर से खोल दिया जाएगा। यह केवल एक दफ्तर का दोबारा खुलना नहीं है, बल्कि वनवासी इलाके में सरकारी व्यवस्था की मजबूत वापसी का एक बड़ा संदेश है। स्थानीय ग्रामीणों का मानना है कि इससे न केवल विभाग की सक्रियता बढ़ेगी, बल्कि लोगों के मन में सुरक्षा और प्रशासन के प्रति भरोसे का संचार भी होगा।

mazgai-range-office-reopens-after-22-years-naugharh-news

वन संरक्षण और त्वरित कार्रवाई में मिलेगी मदद
अब तक मझगाई रेंज का कामकाज दूर से संचालित होने के कारण वन विभाग की टीम को जंगल की घटनाओं तक पहुंचने में काफी समय लग जाता था। अवैध कटान और वन्यजीवों से जुड़ी सूचनाओं पर तत्काल रिस्पॉन्स देना एक बड़ी चुनौती थी। अब रेंजर सहित पूरा स्टाफ एक ही परिसर में रहेगा, जिससे किसी भी आपात स्थिति में टीम तत्काल मौके पर रवाना हो सकेगी। इससे वन संरक्षण और निगरानी व्यवस्था पहले से कहीं अधिक प्रभावी और मजबूत होगी।

प्रशासनिक और जनस्तर पर सराहना
रेंज अधिकारी अमित श्रीवास्तव की इस साहसिक पहल की वन विभाग के उच्चाधिकारियों से लेकर स्थानीय ग्रामीणों तक जमकर सराहना कर रहे हैं। रेंजर अमित श्रीवास्तव ने 'चंदौली समाचार' को बताया कि इस नवनिर्मित कार्यालय का शुभारंभ डीएफओ बी शिवशंकर द्वारा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यालय के दोबारा शुरू होने से क्षेत्र के वन प्रबंधन में क्रांतिकारी सुधार आएगा और आम जनता को अपने कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*