जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

थाने में एक दिन की थानाध्यक्ष बनी किशोरी, वहीं रात में ही चोरों ने उड़ा दी पुलिस की नींद

आपको बता दें कि दिन में थाना चकरघट्टा में मंच पर सशक्तिकरण का संदेश गूंजा, व्हाट्सएप ग्रुप्स में गाथा लिखी गई और रात में लूटपाट और महिला की चीखें।
 

चकरघट्टा पुलिस ने दिन में दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

रात में पुलिसिंग की खुल गई पोल

हरियाबांध गांव में चोरों ने बोला धावा

लूट ले गए नगदी के साथ लाखों रुपए के आभूषण 

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में महिला सशक्तिकरण के नाम पर मिशन शक्ति अभियान में सोमवार को चकरघट्टा थाने में एक किशोरी को एक दिन के लिए थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठाया गया। अधिकारियों ने ताली बजाई, फोटो खिंचवाई और बड़ी-बड़ी बातें कीं। लेकिन विडंबना यह रही कि  रात 12 बजे हरिया बांध गांव में चोरों ने अशोक यादव घर में घुसकर एक महिला को अधमरा कर दिया और करीब पांच लाख के गहने-नकदी लेकर फरार हो गए।

पोस्टर पर शक्ति, जमीन पर असुरक्षा 
आपको बता दें कि दिन में थाना चकरघट्टा में मंच पर सशक्तिकरण का संदेश गूंजा, व्हाट्सएप ग्रुप्स में गाथा लिखी गई और रात में लूटपाट और महिला की चीखें। ग्रामीणों ने तंज कसते हुए कहा कि — “लगता है पुलिस सिर्फ कार्यक्रमों में ही मजबूत है, असली जिंदगी में तो चोर ही पुलिस के पास इमानदार बने बैठे हैं।''  

लोगों ने यह भी कहा कि पोस्टर, बैनर और फोटो से सुरक्षा नहीं मिलती। जनता को चाहिए कि रात में गश्त और अपराधियों पर कार्रवाई हो, ना कि केवल मिशन शक्ति के नाम पर खानापूर्ति।

नौगढ़ और चकरघटृटा थाना क्षेत्र में लगातार वारदातें, पुलिस सिर्फ मौन
आपको बता दें कि हरिया बांध गांव ही नहीं, पूरे इलाके में चोरी की घटनाएँ आए दिन हो रही हैं। कभी मोटरसाइकिल चोरी, कभी भैंस, कभी ट्रैक्टर की बैटरी, तो कभी मंदिर में दर्शन करने गए श्रद्धालु की गाड़ियाँ तक गायब। लेकिन पुलिस अब तक एक भी केस का खुलासा नहीं कर सकी। ग्रामीणों ने कहा— “अरे, अगर एक दिन की थानाध्यक्ष बनाने से ही अपराध रुक जाते तो नौगढ़ में अब तक रामराज्य आ चुका होता।”


ग्रामीणों का सवाल— आखिर पुलिस कर क्या रही है?
गांव वालों का गुस्सा चरम पर है। उनका कहना है कि पुलिस सिर्फ दिखावे और कागजी कार्रवाई तक सीमित है। “दिन में बेटी को थानाध्यक्ष बनाकर फोटो खिंचवाना आसान है, लेकिन रात में चोरों को पकड़ना मुश्किल। आखिर यहां पुलिस तैनात किसलिए है, जब जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है?”

साहब कागजों पर थानाध्यक्ष बदलते रहेंगे
ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन और पुलिस विभाग केवल दिखावे की कवायद करता है। कभी मिशन शक्ति के नाम पर किसी बेटी को एक दिन का थानाध्यक्ष बना देते हैं, कभी महिला सशक्तिकरण के पोस्टर लगाकर फोटो खिंचवा लेते हैं। लेकिन हकीकत यही है कि रात ढलते ही चोर बेलगाम हो जाते हैं और जनता असुरक्षित। लोगों ने तंज कसते हुए कहा— “कागजों पर थानाध्यक्ष बदलते रहेंगे, पर जमीन पर हकीकत यह है कि चोर ही राज करेंगे।”

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*