नौगढ़ में मिशन वात्सल्य: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बच्चों की सुरक्षा पर विशेष प्रशिक्षण
नौगढ़ विकास खंड सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
खंड विकास अधिकारी ने बाल संरक्षण की अहमियत पर जोर दिया
चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में विकास खंड सभागार में शनिवार को मिशन वात्सल्य के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी अमित कुमार, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत सिंह उर्फ सुड्डू एवं सीडीपीओ सरोज रानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
खंड विकास अधिकारी अमित कुमार ने कहा कि बाल संरक्षण योजना बेहद संवेदनशील है और इसके लिए ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर समितियां गठित की गई हैं। इनका दायित्व है कि बच्चों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता से ही बाल शोषण, हिंसा और उत्पीड़न जैसी घटनाओं पर रोक लग सकती है।

बच्चों के अधिकार और कानूनी पहलुओं पर प्रशिक्षण
जिला बाल कल्याण समिति के सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने बाल अधिकार, पॉक्सो अधिनियम और अन्य सरकारी योजनाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए सुरक्षित माहौल तभी संभव है जब अभिभावक, शिक्षक और समाज तीनों अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
“सुरक्षित बचपन ही मजबूत समाज की नींव”
सीडीपीओ सरोज रानी ने कहा कि प्रशिक्षण से बाल संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ेगी और बच्चों को स्वस्थ, खुशहाल माहौल मिलेगा।
महिला कांस्टेबल अंकित पटेल ने कहा कि बाल अपराध या शोषण की किसी भी घटना की तत्काल सूचना सरकारी हेल्पलाइन नंबरों पर दें। इससे त्वरित कार्रवाई संभव होगी और बच्चों को न्याय मिल सकेगा।
बाल कल्याण समिति के सदस्य ताहिर हुसैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अभी भी बाल संरक्षण के बारे में अनजान हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी उठानी होगी कि वे अपने क्षेत्र में लोगों को जागरूक करें और बच्चों का भविष्य सुरक्षित बनाएं।
कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण इकाई से भैया लाल, मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान से जितेंद्र कुमार, पुष्पा कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







