नौगढ़ में दुर्गा पूजा पर नवरात्र के पहले दिन से होगी संगीतमय श्रीराम कथा, तैयारियां पूरी
नवरात्र के पहले दिन से रामकथा का शुभारंभ
भव्य कलश यात्रा से गूंजेगा पूरा नौगढ़ क्षेत्र
प्रयागराज से आएंगी कथावाचिका प्रतिमा तिवारी
शाम सात बजे से प्रतिदिन होगी कथा
चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में शारदीय नवरात्र के पहले दिन (सोमवार) 22 सितंबर से दुर्गा पूजा समिति (बाघी) नौगढ़ की ओर से दुर्गा मंदिर पोखरा पर नौ दिवसीय संगीतमय श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। नवरात्र का आगाज़ इस बार और भी विशेष होगा, क्योंकि धार्मिक वातावरण के साथ आध्यात्मिक रसधारा बहने वाली है। सोमवार की सुबह मंदिर प्रांगण से महिलाओं और किशोरियों की अगुवाई में भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान पूरे क्षेत्र में राम नाम की गूंज से नौगढ़ गुंजायमान होगा।
नौ दिन तक गूंजेगा राम नाम
आपको बता दें कि प्रयागराज की प्रसिद्ध कथावाचिका प्रतिमा तिवारी प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 10 बजे तक भक्तों को श्रीराम कथा का रसपान कराएंगी। उनकी मधुर वाणी और संगीतमय शैली से कथा स्थल पर दिव्य माहौल बनेगा। 22 सितंबर से शुरू होने वाला यह आयोजन 30 सितंबर (मंगलवार) तक चलेगा। नौ दिनों तक श्रद्धालु रामकथा का रसपान कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे और पूरा नगर भक्ति में डूबा रहेगा।

हर दिन अलग-अलग प्रसंग की होगी झलक
आयोजन समिति के अनुसार कथा के नौ दिनों में अलग-अलग प्रसंगों का वर्णन होगा। पहले दिन भगवान राम के जन्मोत्सव से शुरुआत होगी और अंतिम दिन रावण वध तथा मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों पर कथा का समापन होगा। इस दौरान अहिल्या उद्धार, सीता स्वयंवर, वनवास प्रसंग, निषादराज संवाद, शूर्पणखा प्रकरण, सीता हरण और जटायु प्रसंग जैसे महत्वपूर्ण प्रसंग भी सुनाए जाएंगे। यानी नौ दिन तक हर दिन भक्तों को नए प्रसंगों की झलक मिलेगी।
मां दुर्गा की आराधना के साथश्रद्धालुओं को मिलेगा विशेष प्रसाद
श्रीराम कथा के दौरान मंदिर प्रांगण में हर शाम भक्ति गीतों और भजनों से वातावरण गुंजायमान रहेगा। आयोजन स्थल को सजाने के लिए विशेष लाइटिंग और फूलों की व्यवस्था की जा रही है। समिति का कहना है कि यह केवल कथा नहीं बल्कि भक्ति और भव्यता का ऐसा संगम होगा, जिसे नौगढ़ के लोग लंबे समय तक याद रखेंगे। श्रद्धालु मां दुर्गा की झांकी का भी दर्शन कर सकेंगे, जो आयोजन का विशेष आकर्षण होगी। प्रत्येक दिन कथा समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं को विशेष प्रसाद वितरण किया जाएगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए तैनात रहेगा पीएसी बल
दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष पंकज जायसवाल ने चंदौली समाचार को बताया कि तैयारियां अंतिम चरण में हैं और भक्तों की सुविधा के लिए बैठने, प्रकाश व्यवस्था पूरी कर ली गई है। सुरक्षा के लिए एक प्लाटून पीएसी भी मौजूद रहेगी। उन्होंने कहा कि 22 से 30 सितंबर तक नौगढ़ में हर शाम धार्मिक उत्सव का माहौल रहेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे परिवार सहित कथा श्रवण और झांकी दर्शन में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करें।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








