नौगढ़ में अब रोज खुलेंगे पंचायत भवन: बीडीओ राकेश सिंह का कड़ा आदेश, गांव में ही मिलेंगे आय-जाति प्रमाण पत्र
नौगढ़ ब्लॉक में अब पंचायत सहायकों को रोजाना पंचायत भवन में बैठकर काम करना होगा। बीडीओ राकेश सिंह ने रोज फेस अटेंडेंस लगाने और लापरवाही बरतने पर मानदेय रोकने व सचिवों का वेतन बंद करने की सख्त चेतावनी दी है।
पंचायत भवनों में बैठना हुआ अनिवार्य
रोज लगेगी ऑनलाइन फेस अटेंडेंस
नहीं लगाने पर रुकेगा मानदेय
गांव में ही मिलेंगे जरूरी कागज
दो महीने से मानदेय है पेंडिंग
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के नौगढ़ विकासखंड में पंचायत भवनों की सुस्त व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रशासन ने अब पूरी तरह कमर कस ली है। गुरुवार को खंड विकास कार्यालय सभागार में हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राकेश सिंह ने सख्त तेवर अपनाए। उन्होंने पंचायत सहायकों, पंचायत सचिवों और सामुदायिक शौचालयों के केयरटेकरों को सीधे चेतावनी देते हुए कहा कि काम में किसी भी तरह की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रोज लगानी होगी ऑनलाइन फेस अटेंडेंस
खंड विकास अधिकारी ने स्पष्ट आदेश दिया है कि अब सभी पंचायत सहायकों को रोजाना समय पर पंचायत भवन में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी। इसके लिए उन्हें प्रतिदिन 'फेस अटेंडेंस' (चेहरे की पहचान वाली हाजिरी) के जरिए ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इसके साथ ही, आजीविका मिशन से जुड़े केयरटेकरों को भी सामुदायिक शौचालयों की नियमित साफ-सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
गांव में ही मिलेंगी बुनियादी सरकारी सेवाएं
बीडीओ ने कहा कि पंचायत सहायकों की नियुक्ति इसीलिए की गई है ताकि ग्रामीणों को छोटी-छोटी फाइलों और कागजों के लिए ब्लॉक कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। अब से आय, जाति, निवास, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन और परिवार रजिस्टर की नकल जैसी सभी जरूरी सेवाएं हर हाल में पंचायत भवन से ही दी जाएंगी। ग्रामीणों की समस्याओं को सचिवों तक पहुंचाने का काम भी अब सहायकों का ही होगा।
फर्जी अटेंडेंस पर सचिवों का भी रुकेगा वेतन
बैठक के दौरान सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत उपेंद्र साहनी ने चेतावनी दी कि जो भी पंचायत सहायक ड्यूटी से नदारद मिलेगा या फेस अटेंडेंस नहीं लगाएगा, उसका मानदेय रोककर कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। इसके अलावा, गलत हाजिरी को बढ़ावा देने वाले संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों का भी वेतन रोक दिया जाएगा। लापरवाही होने पर सीधी और कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
दो महीने से मानदेय न मिलने का उठा मुद्दा
चर्चा के दौरान पंचायत सहायकों और केयरटेकरों ने पिछले दो महीनों से मानदेय न मिलने की समस्या भी उठाई। इस पर सहायक विकास अधिकारी (विकास) अनिल कुमार ने भरोसा दिलाया कि जैसे ही विभाग को बजट प्राप्त होगा, हाजिरी के रिकॉर्ड के आधार पर सभी का लंबित भुगतान तुरंत कर दिया जाएगा। इस बैठक में नौगढ़ ब्लॉक के सभी 43 ग्राम पंचायतों के सचिव, पंचायत सहायक और केयरटेकर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








