नौगढ़ के औराही स्कूल में फिर हुई बड़ी चोरी, स्टोर रूम का ताला तोड़कर सोलर सिस्टम और कंप्यूटर उड़ाया
चंदौली के नौगढ़ में कंपोजिट विद्यालय औराही में चोरों ने रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर ताला तोड़ दिया। चोर स्कूल से कीमती सोलर इन्वर्टर, बैटरी और कंप्यूटर सेट चुरा ले गए। पूरी खबर और पुलिस की कार्रवाई जानने के लिए पढ़ें।
औराही कंपोजिट विद्यालय में बड़ी चोरी
रविवार की छुट्टी में टूटा ताला
सोलर इन्वर्टर और कंप्यूटर गायब हुआ
2 साल में दूसरी बार चोरी
मझगांवा चौकी पुलिस में दी तहरीर
चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील के अंतर्गत आने वाला कंपोजिट विद्यालय औराही एक बार फिर शातिर चोरों के निशाने पर आ गया है। रविवार की छुट्टी का फायदा उठाकर चोरों ने स्कूल की सुरक्षा को धता बताते हुए मुख्य कमरों के ताले तोड़ दिए और अंदर रखा हजारों रुपये का कीमती सामान लेकर फरार हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले 2 साल के भीतर इस स्कूल में चोरी की यह दूसरी बड़ी वारदात है।

सुबह स्कूल पहुंचे तो उड़े होश
स्कूल के प्रधानाध्यापक कृष्ण देव मिश्र ने बताया कि वह शनिवार की शाम 4 बजे अपने पूरे स्टाफ के साथ स्कूल को ठीक से बंद करके घर गए थे। रविवार को छुट्टी थी। इसके बाद जब सोमवार की सुबह 8 बजे वह शिक्षकों के साथ स्कूल पहुंचे, तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। जब वे लोग अंदर गए तो स्टोर रूम का भी ताला टूटा था और अंदर का पूरा नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने चुन-चुनकर कीमती सामान गायब कर दिया था।
इन कीमती सामानों पर किया हाथ साफ
चोरों ने स्कूल के स्टोर रूम को अपना निशाना बनाया और वहां रखा सारा जरूरी सामान समेट ले गए। गायब हुए सामानों में पानी की सप्लाई और पंखे चलाने के लिए लगा एक स्मार्ट सोलर इन्वर्टर, बैकअप के लिए रखीं 2 बड़ी ट्यूबलर बैटरियां और कंप्यूटर लैब का एक पूरा सेट (जिसमें 1 सीपीयू, 1 मॉनिटर और केबल शामिल थे) गायब था। प्रधानाध्यापक ने तुरंत आसपास के दुकानदारों और ग्रामीणों से पूछताछ की, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी। इसके बाद उन्होंने मझगांवा चौकी पर लिखित तहरीर दी।
भेदी पर गहराया चोरी का शक
प्रानाध्यापक कृष्ण देव मिश्र का मानना है कि इस वारदात के पीछे किसी ऐसे शख्स का हाथ हो सकता है जो स्कूल की अंदरूनी व्यवस्था को अच्छी तरह जानता हो। चोरों को पता था कि स्टोर रूम में क्या सामान रखा है और स्कूल कब बंद रहता है। लगातार दो साल से ठीक छुट्टी के दिनों में ही चोरी होना इस बात की तरफ इशारा कर रहा है कि कोई रेकी करने के बाद इस काम को अंजाम दे रहा है।
पिछले साल खेत में मिले थे सोलर पैनल
स्कूल में चोरी की यह कोई नई घटना नहीं है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि पिछले साल दिसंबर में भी शीतकालीन छुट्टियों के दौरान चोरों ने स्कूल की छत से 3 सोलर पैनल चुरा लिए थे। जब मामला बढ़ा और पुलिस एक्टिव हुई, तो चोर पकड़े जाने के डर से उन पैनलों को पास के ही एक गेहूं के खेत में फेंककर भाग निकले थे। बाद में ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने वे तीनों पैनल बरामद कर स्कूल को वापस सौंप दिए थे, लेकिन चोर तब भी हाथ नहीं आए थे।
सुरक्षा व्यवस्था पर खड़े हुए बड़े सवाल
लगातार हो रही इन चोरियों के बाद अब स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभिभावकों और ग्रामीणों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि स्कूल में न तो सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और न ही रात के समय किसी चौकीदार की व्यवस्था है। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर चोर बार-बार सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे हैं। अब देखना होगा कि मझगांवा चौकी पुलिस इस बार असली चोरों तक पहुंच पाती है या नहीं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








