जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नौगढ़ के भरदुवा में वन भूमि पर चला रोटावेटर, पथराव में SDM गार्ड का सिर फटा, 9 लोग घायल, 30 हेक्टेयर जमीन कब्जामुक्त

चंदौली के नौगढ़ में 30 हेक्टेयर वन भूमि से कब्जा हटाने पहुंची पुलिस-प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। हमले में एसडीएम गार्ड समेत 9 लोग घायल हुए, लेकिन इस बार अफसरों ने पीछे हटे बिना जमीन पर कब्जा लिया।

 

नौगढ़ के भरदुवा में भारी बवाल

रोटावेटर से रौंदी अवैध फसल

ग्रामीणों के पथराव में 9 घायल

एसडीएम के सुरक्षा गार्ड लहूलुहान

30 हेक्टेयर वन भूमि कब्जामुक्त

 चंदौली जिले का नौगढ़ क्षेत्र एक बार फिर पुलिस और ग्रामीणों की भिड़ंत से दहल उठा। जिस भरदुवा की जमीन पर कभी विरोध के आगे प्रशासन को पीछे हटना पड़ा था और अफसरों को बंधक तक बना लिया गया था, इस बार तस्वीर पूरी तरह अलग नजर आई। बुधवार को सरकारी वन भूमि खाली कराने पहुंची टीम पीछे हटने के बजाय मौके पर डटी रही और अवैध रूप से बोई गई धान-मिर्च की फसल को पूरी तरह नष्ट कर दिया।


50 हेक्टेयर में से 30 हेक्टेयर की फसल की गई साफ
पूरा मामला भैसोड़ा कंपार्टमेंट संख्या-14 की 50 हेक्टेयर सरकारी वन भूमि से जुड़ा है। रेंजर अमित श्रीवास्तव की रिपोर्ट के आधार पर डीएफओ बी. शिवशंकर ने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग को जानकारी दी थी। डीएम के कड़े निर्देश पर एसडीएम अमरचंद वर्मा, सीओ देवेंद्र कुमार, तहसीलदार राहुल सिंह और वन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम तीन रेंजों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंची। अफसरों ने पहले ग्रामीणों को समझाया, लेकिन बात न बनने पर करीब 30 हेक्टेयर में लगी अवैध फसल पर रोटावेटर चला दिया।

naugarh-bharduwa-forest-land-encroachment-clash

फसल उजड़ते ही बरसे पत्थर, सुरक्षा गार्ड का सिर फटा
जैसे ही रोटावेटर ने खड़ी फसल को रौंदना शुरू किया, ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र भीड़ ने टीम पर अचानक पथराव और लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस हमले में एसडीएम के सुरक्षा गार्ड मोहन यादव का सिर फट गया और वे लहूलुहान हो गए। इसके अलावा लेखपाल, वन दरोगा, तीन वनरक्षक और एक महिला कर्मचारी समेत कुल 9 लोग चोटिल हो गए।

naugarh-bharduwa-forest-land-encroachment-clash

अफसरों ने संभाला मोर्चा, खदेड़ी गई उग्र भीड़
हिंसक हमले और पथराव के बावजूद इस बार प्रशासनिक अधिकारियों के कदम डगमगाए नहीं। एसडीएम अमरचंद वर्मा और सीओ देवेंद्र कुमार ने खुद मोर्चे पर रहकर स्थिति को संभाला। पुलिस बल ने तत्काल लाठीभांजकर उग्र भीड़ को मौके से दौड़ा-दौड़ाकर खदेड़ दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने उपद्रव कर रहे कई लोगों को हिरासत में भी लिया है।


4 जेसीबी से खोदी गई खाई, जमीन कब्जे में ली गई
बवाल शांत होने के बाद शाम तक प्रशासन ने चार जेसीबी मशीनों को लगाकर सुरक्षा खाई खुदवा दी, ताकि भविष्य में कोई दोबारा इस जमीन पर अतिक्रमण न कर सके। डीएफओ और एसडीएम ने साफ शब्दों में कहा कि वन भूमि पर अवैध कब्जा किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। सरकारी काम में अड़ंगा डालने और जानलेवा हमला करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*