नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदलने लगी है सूरत, अब वार्डों में मिलेगी ठंडी हवा और RO का शुद्ध पानी
बढ़ती गर्मी के बीच चंदौली के नौगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में मरीजों को बड़ी राहत मिली है। अस्पताल अधीक्षक की पहल पर वर्षों से बंद पड़े कूलर और आरओ प्लांट को दोबारा शुरू कर दिया गया है।
नौगढ़ अस्पताल की बदली पूरी तस्वीर
मरीजों को मिलेगी अब ठंडी हवा
आरओ से बहने लगा शुद्ध पानी
वर्षों से बंद पड़े उपकरण चालू
मरीजों की सुविधा से कोई समझौता नहीं
चंदौली जिले के नौगढ़ इलाके के लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग से एक बेहद राहत भरी खबर आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ में मरीजों की बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। अस्पताल के नए अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह की ठोस पहल के बाद अस्पताल परिसर में दो नए कूलर तुरंत लगवा दिए गए हैं। इसके साथ ही सालों से कबाड़ की तरह बंद पड़े पुराने कूलरों और आरओ प्लांट को भी ठीक कराकर दोबारा चालू कर दिया गया है।

अस्पताल के वार्डों में अब नहीं होगी उमस
इस भीषण गर्मी और उमस के मौसम में जहाँ पहले मरीज और उनके तीमारदार सिर्फ पंखों के भरोसे रातें काटते थे, वहीं अब अस्पताल के वार्डों में ठंडी हवा मिल रही है। पहले मरीजों को पीने के साफ पानी के लिए अस्पताल से बाहर जाकर पैसे खर्च करने पड़ते थे, लेकिन अब अस्पताल के अंदर ही लगे आरओ प्लांट से ठंडा और शुद्ध पानी मिलने लगा है। इस बदलाव से अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिवार वालों के चेहरे पर साफ राहत देखी जा सकती है।
इलाज के साथ बेहतर माहौल भी जरूरी
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अवधेश सिंह ने इस बदलाव पर बात करते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाला कोई भी मरीज सिर्फ दवा लेने नहीं आता। दवा के साथ-साथ उसे ऐसा साफ-सुथरा और आरामदेह माहौल भी मिलना चाहिए जिससे वह जल्दी ठीक हो सके। गर्मी और उमस की वजह से मरीजों की बीमारी और परेशानी दोनों बढ़ जाती हैं। इसी बात को ध्यान में रखकर बंद पड़े उपकरणों को तुरंत ठीक कराया गया है।
मरीजों की सुविधाओं से नहीं होगा कोई समझौता
अधीक्षक ने सख्त लहजे में कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों की सुख-सुविधाओं के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास है कि नौगढ़ और इसके आस-पास के ग्रामीण इलाके के लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों की तरफ न भागना पड़े, बल्कि स्थानीय स्तर पर ही उन्हें हर छोटी-बड़ी मेडिकल सुविधा मिल सके। इस पहल से अब सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं पर आम जनता का भरोसा और भी मजबूत होगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








