सीओ ऑफिस जाने से कतराते हैं फरियादी, तहसील नौगढ़ में उठी नई मांग
बार एसोसिएशन अध्यक्ष की है DM से फरियाद
नायब तहसीलदार के पास नहीं है पेशकार
फरियादी लगा रहे हैं चक्कर
चंदौली जिले की तहसील नौगढ़ में बुनियादी सुविधाओं के अभाव और प्रशासनिक दिक्कतों को लेकर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यानंद तिवारी और महामंत्री रणविजय ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग से मुलाक़ात की। उन्हें बताया कि तहसील परिसर में रजिस्ट्री ऑफिस खोला जाए और सीओ का कार्यालय थाने से बाहर स्थापित किया जाए, ताकि फरियादियों को सुविधा मिल सके।
फरियादी क्यों डरते हैं सीओ ऑफिस जाने से .....
वर्तमान समय में सीओ ऑफिस नौगढ़ थाने के अंदर चल रहा है। ऐसे में फरियादी थाने के भीतर जाकर अपनी समस्या रखने से डरते हैं और अक्सर पीछे हट जाते हैं। महिलाएं और साधारण लोग अपनी शिकायत दर्ज कराने से कतराते हैं, जिससे न्याय पाने का उनका हक़ अधूरा रह जाता है।

तहसील में शौचालय का न होना बड़ी दिक्कत
तहसील नौगढ़ में शौचालय की व्यवस्था न होने से दूर-दराज़ के गांवों से आने वाले फरियादियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। कई लोग 25 से 30 किलोमीटर का सफर तय कर तहसील पहुंचते हैं, जहां घंटों इंतज़ार करना पड़ता है। खासकर महिलाएं और बुजुर्ग असहज स्थिति में रहते हैं और कई बार खेत-खलिहानों या सुनसान जगहों पर जाने को मजबूर हो जाते हैं। यह स्थिति न केवल शर्मिंदगी का कारण है बल्कि स्वच्छता और सम्मान के अधिकार पर भी सवाल खड़े करती है।

ट्रेजरी के अभाव में 40 किमी का चक्कर
नौगढ़ तहसील में भारतीय स्टेट बैंक और यूनियन बैंक के भीतर ट्रेजरी चालान जमा न होने से लोगों को 40 किलोमीटर दूर चकिया की ट्रेजरी का चक्कर लगाना पड़ता है। छात्राओं को छात्रवृत्ति या अन्य शैक्षिक योजनाओं के लिए, वहीं विभागीय कर्मचारियों और आम लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए पूरा दिन बर्बाद करना पड़ता है। छोटे से चालान के लिए भी अतिरिक्त खर्च और समय दोनों ही लगते हैं, जिससे ग्रामीण बेहद परेशान रहते हैं।
पेशकार न होने से रुके रहते हैं काम
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ने जिलाधिकारी को यह भी बताया कि नायब तहसीलदार के पास पेशकार न होने के कारण अधिकांश कार्य अटक जाते हैं। फरियादियों को बार-बार तहसील का चक्कर लगाना पड़ता है और कई बार हफ्तों तक छोटे-छोटे काम लटके रहते हैं। जिलाधिकारी ने अध्यक्ष को आश्वासन दिया कि तहसील नौगढ़ की इन सभी समस्याओं का समाधान जल्द ही कराया जाएगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







