जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

गालीबाज सिपाही पर FIR नहीं हुयी तो होगा ब्लैकआउट, पुलिस पर भड़के बिजलीकर्मियों ने दी खुली चेतावनी, जानिए पूरा विवाद

चंदौली के नौगढ़ में रोस्टरिंग के दौरान बिजली बंद होने पर चकरघट्टा थाने के एक सिपाही द्वारा बिजली विभाग के जेई को कथित रूप से गाली देने और जेल भेजने की धमकी का मामला गरमा गया है। आक्रोशित बिजलीकर्मियों ने हड़ताल की चेतावनी दी है।

 
 

सिपाही ने जेई को दी धमकी

कथित ऑडियो वायरल होने से हड़कंप

आक्रोशित बिजलीकर्मियों ने दी हड़ताल चेतावनी

नौगढ़ और चकरघट्टा सब-स्टेशन में तनाव

सीओ कार्यालय पहुंचे गुस्साए बिजली कर्मचारी

चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में एक बड़ा प्रशासनिक विवाद गहरा गया है। चकरघट्टा थाने में तैनात सिपाही प्रताप यादव पर बिजली विभाग के अवर अभियंता (JE) योगेंद्र पाल को फोन पर कथित तौर पर गाली-गलौज करने और "जेल में डाल दूंगा" जैसी गंभीर धमकी देने का आरोप लगा है। इस बातचीत का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद से पूरे बिजली महकमे में भारी रोष और आक्रोश का माहौल है।

रोस्टरिंग के दौरान बिजली बंद होने पर शुरू हुई तू-तू, मैं-मैं
पूरा मामला मंगलवार रात करीब नौ बजे का बताया जा रहा है। उस समय रोस्टरिंग नियम के तहत बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। इसी दौरान सिपाही प्रताप यादव ने लाइनमैन कमलेश साहनी को फोन लगाया। लाइनमैन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए सिपाही को जेई से बात करने को कहा। आरोप है कि इसके बाद सिपाही ने जेई योगेंद्र पाल से फोन पर बात की और कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उन्हें सीधे जेल में ठूंसने की धमकी दे डाली।

naugarh-constable-je-audio-viral-strike-threat

ऑडियो वायरल होते ही भड़के बिजलीकर्मी, सीओ दफ्तर का किया घेराव
बुधवार सुबह जैसे ही इस बातचीत का कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जेई ने तुरंत पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपी सिपाही के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। जेई योगेंद्र पाल के समर्थन में कमलेश, अक्षय, लक्ष्मण, मुरारी, अलीम और रामभवन समेत कई बिजली कर्मचारी लामबंद होकर सीओ कार्यालय पहुंच गए और अपनी सुरक्षा को लेकर आवाज उठाई।

naugarh-constable-je-audio-viral-strike-threat

'माफी नहीं कार्रवाई चाहिए', पूरे इलाके की बिजली ठप करने की चेतावनी
प्रदर्शन कर रहे बिजली कर्मचारियों का स्पष्ट कहना है कि वे दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर और खंभों पर चढ़कर इलाके की बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखते हैं। ऐसे में अगर किसी जिम्मेदार अधिकारी के साथ खाकी वर्दी के रसूख में इस तरह की बदसलूकी होगी, तो कर्मचारियों की सुरक्षा पर सवाल खड़ा होता है। कर्मचारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि आरोपी सिपाही पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो वे नौगढ़ और चकरघट्टा दोनों सब-स्टेशनों की आपूर्ति ठप कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू कर देंगे।

सीओ कर रहे जांच, अब एसपी के एक्शन पर टिकी सबकी निगाहें
मामला तूल पकड़ते देख क्षेत्राधिकारी (सीओ) देवेंद्र कुमार ने शिकायत मिलने और पूरे प्रकरण की जांच शुरू किए जाने की पुष्टि की है। हालांकि, घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों और कर्मचारियों के बीच यह चर्चा तेज है कि क्या पुलिस अपने ही विभाग के सिपाही पर निष्पक्ष कार्रवाई करेगी या मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा। अब देखना यह है कि क्या कथित ऑडियो की निष्पक्ष जांच कर कानूनी कदम उठाया जाता है, या फिर बिजलीकर्मियों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*