जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नौगढ़ के जंगल जंगल की जमीन पर कब्जा करने वाला ट्रैक्टर सहित अरेस्ट, गेहूं बुवाई की तैयारी फेल

नौगढ़ के जंगल में गेहूं बोने के लिए ट्रैक्टर से जुताई करते हुए वन विभाग ने ट्रैक्टर पकड़ा। अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों पर मुकदमा दर्ज कर बेदखली की चेतावनी दी।
 

नौगढ़ के जंगल में ट्रैक्टर से हो रही थी जुताई

चेतावनी के बावजूद नहीं मानी वन भूमि कब्जाने की कोशिश

रेंजर मोहन कुमार सिंह की टीम ने पकड़ा ट्रैक्टर

अतिक्रमणकारियों को चिह्नित कर बेदखल करने का हुआ ऐलान

एसडीओ वरुण प्रताप सिंह ने दी सख्त कार्रवाई चेतावनी

चंदौली जिले के नौगढ़ के जंगलों में वन भूमि पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। वनकर्मियों की मनाही के बावजूद जंगल की जमीन पर ट्रैक्टर उतारकर जुताई कराई जा रही थी। बताया जा रहा है कि जमीन तैयार करके गेहूं बोने की तैयारी थी। शनिवार सुबह वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर इस कोशिश को नाकाम कर दिया और जुताई कर रहे ट्रैक्टर को पकड़कर अपने कब्जे में ले लिया। इस कार्रवाई से वन भूमि पर नजर गड़ाए लोगों में खलबली मच गई है।

मुखबिर की सूचना पर वन टीम की दबिश
यह मामला चकरघट्टा थाना क्षेत्र के धनकुवारी के पास मझगाई रेंज की साढ़सोत बीट के गहिला कंपार्टमेंट नंबर-08 से जुड़ा है। यहां कई दिनों से वन भूमि पर कब्जा करने की कोशिश की सूचनाएं मिल रही थीं। वन स्टाफ की चेतावनी के बाद भी जुताई का काम नहीं रुका था। शनिवार सुबह रेंजर मोहन सिंह को मोबाइल पर मुखबिर से खबर मिली कि जंगल के अंदर ट्रैक्टर से जुताई चल रही है। सूचना मिलते ही रेंजर मोहन कुमार सिंह ने टीम बनाकर मौके पर भेजा और ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया।

अतिक्रमणकारियों की पहचान और मुकदमा
इस कार्रवाई में वन दरोगा अभिषेक यादव, वनरक्षक शिवपाल सिंह चौहान और दैनिक कर्मी शंकर चौहान व संदीप कुमार शामिल रहे। रेंजर मोहन कुमार सिंह ने साफ कहा कि वन भूमि पर कब्जा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। कब्जा करने वालों की पहचान की जा रही है। सभी को बेदखल किया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।


एसडीओ की सख्त चेतावनी और आगे की नजर
एसडीओ वरुण प्रताप सिंह ने भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि वन भूमि पर अवैध कब्जा हर हाल में खाली कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि नौगढ़ में जंगल की जमीन पर किसी भी कीमत पर कब्जा नहीं होने दिया जाएगा। अब लोगों के बीच यह चर्चा है कि वन भूमि पर कब्जा करने वालों की पहचान कब पूरी होती है और विभाग आगे कितनी सख्त कार्रवाई कर जंगल की जमीन को कब्जा मुक्त रखता है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*