जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

वनांचल की जनता के साथ फिर छल! महज 10 दिन में बंद हो गई नौगढ़ की सरकारी बस; डेढ़ लाख की आबादी परेशान

चंदौली के वनांचल क्षेत्र नौगढ़ में एक बार फिर सरकारी रोडवेज बस सेवा ठप हो गई है। महज 10 दिन चलने के बाद बस बंद होने से 43 ग्राम पंचायतों की डेढ़ लाख आबादी बेबस है।

 
 

नौगढ़ से छिन गई सरकारी बस

10 दिन में थमे रोडवेज के पहिए

डेढ़ लाख आबादी निजी वाहनों पर निर्भर

43 ग्राम पंचायतों में गहराया संकट

एसडीएम विनय मिश्रा का आश्वासन

चंदौली जिले के पिछड़ा और पहाड़ी क्षेत्र कहे जाने वाले वनांचल नौगढ़ के लोगों को लगा था कि उनकी परिवहन से जुड़ी बड़ी समस्या अब खत्म हो जाएगी। लगातार की गई शिकायतों के बाद रोडवेज बस सेवा फिर से शुरू की गई थी, लेकिन यह राहत केवल 10 दिन की ही मेहमान साबित हुई। नौगढ़ विकासखंड के लिए शुरू हुई सरकारी बस सेवा के पहिए एक बार फिर पूरी तरह थम गए हैं, जिसके कारण इस जंगली और पहाड़ी इलाके की 43 ग्राम पंचायतों में रहने वाली करीब डेढ़ लाख की बड़ी आबादी बेहद परेशान है।

चकरघट्टा और नौगढ़ के लोगों का बढ़ा आर्थिक बोझ
करीब एक साल पहले तक चकरघट्टा, नौगढ़ और आसपास के पहाड़ी गांवों के लिए नियमित रूप से उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें चलती थीं। जब यह सेवा बंद हुई, तो ग्रामीणों ने बड़े स्तर पर इसकी शिकायतें दर्ज कराईं। जनता के दबाव के बाद विभाग ने बस तो शुरू की, लेकिन 10 दिन बाद ही उसे चुपके से फिर बंद कर दिया। अब नौगढ़ से जिला मुख्यालय की करीब 70 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करने के लिए लोगों को 3 से 4 बार निजी यात्री गाड़ियां बदलनी पड़ती हैं, जिससे आम जनता का समय और पैसा दोनों पानी की तरह बह रहा है।

मरीज, छात्र और पर्यटन सब कुछ हो रहा प्रभावित
रोडवेज सेवा के अचानक बंद हो जाने का सबसे घातक असर गरीब छात्रों, इलाज के लिए शहर जाने वाले मरीजों, महिलाओं और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। जिला मुख्यालय, चकिया या फिर सोनभद्र जाने के लिए कोई सीधा साधन न होने से सफर बेहद असुविधाजनक और महंगा हो गया है। इसके अलावा, नौगढ़ का क्षेत्र अपने प्राकृतिक झरनों और जंगलों की वजह से पर्यटन के लिहाज से बेहद खास माना जाता है। नियमित सरकारी बस न होने से पर्यटकों का आना-जाना भी घट गया है, जिससे स्थानीय दुकानदारों और छोटे व्यापारियों के रोजगार पर भी भारी लात पड़ी है।

एसडीएम का आश्वासन, लेकिन जनता को चाहिए समाधान
इस गंभीर मामले को लेकर जब उप जिलाधिकारी (SDM) नौगढ़ विनय मिश्रा से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि रोडवेज बस सेवा फिर से बंद होने की शिकायतें उन्हें मिली हैं। वे इस समस्या को लेकर परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों से वार्ता करेंगे और जल्द से जल्द इसका कोई ठोस समाधान निकालने का प्रयास करेंगे। दूसरी तरफ, स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्हें अफसरों से सिर्फ कोरे आश्वासन ही मिलते रहे हैं। लोगों का सीधा सवाल है कि आखिर डेढ़ लाख की आबादी का कसूर क्या है जो उन्हें एक अदद बस के लिए भी तरसाया जा रहा है?

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*