बिहार बॉर्डर की गुरवट नदी में डूबने से मासूम की मौत, दोस्तों के सामने छटपटाता रहा 8 साल का संदीप
चंदौली के नौगढ़ में गुरवट नदी में नहाने गया कक्षा 2 का छात्र संदीप गहरे पानी में डूब गया। साथियों के देखते ही देखते मासूम नदी में समा गया। इस दर्दनाक हादसे से परिवार में मातम छा गया है। पूरी खबर पढ़ें!
गुरवट नदी में डूबने से मासूम की मौत
नहाते समय गहरे पानी में फंसा संदीप
40 मिनट की मशक्कत के बाद निकला शव
नाना के घर रहकर पढ़ाई करता था छात्र
हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र स्थित शाहपुर गांव में रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। चकरघट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमर साधोपुर के शाहपुर गांव के कुछ बच्चे दोपहर करीब 12 बजे बिहार सीमा पर बहने वाली गुरवट नदी में नहाने गए थे। नहाते समय कक्षा दो में पढ़ने वाला मासूम संदीप अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
मदद के लिए चिल्लाता रहा, बेबस दिखे साथी बच्चे
संदीप को पानी में छटपटाता देख किनारे खड़े साथी बच्चों ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। लेकिन नदी की गहराई ज्यादा होने के कारण बच्चे असहाय थे। देखते ही देखते खेल-कूद का माहौल चीख-पुकार में बदल गया। ग्रामीणों की मदद से करीब 40 मिनट की भारी मशक्कत के बाद संदीप को पानी से बाहर निकाला जा सका।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
नदी से बाहर निकालने के तुरंत बाद परिजन उसे सोनभद्र के वैनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने उसे रायपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे बचाने की आस में अस्पताल लेकर भाग रहे थे, लेकिन रास्ते में ही संदीप की सांसें थम गईं और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नाना के घर रहकर पढ़ाई कर रहा था मासूम
संदीप मूल रूप से बिहार के रोहतास जिले के डेहरी थाना क्षेत्र का रहने वाला था। वह अपनी मां सीता देवी के साथ शाहपुर गांव में अपने नाना सूरत लाल के घर आया हुआ था। वह यहीं पास के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा दो का छात्र था। ग्राम पंचायत प्रशासक के मुताबिक संदीप बहुत ही शांत और होनहार बच्चा था।
मासूम की मौत से परिवार में मचा कोहराम
संदीप की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां सीता देवी रो-रोकर बेहोश हो गईं। पिता मुन्ना और नाना-नानी का भी रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर पहुंची चकरघट्टा थाना पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई की। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








