जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

डीएम साहब! अगली जन चौपाल में बिना बताए पहुंचिए, 'प्रशासन आपके द्वार' की खुल जाएगी पोल

नौगढ़ के बाघी और मझगावां में 'चलो चंदौली, प्रशासन आपके द्वार' चौपाल आयोजित हुई। सरकार की मंशा के उलट कई प्रमुख अधिकारी गायब रहे, जिससे फरियादियों को निराश लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने डीएम से औचक निरीक्षण की मांग की है।

 
 

नौगढ़ के जन चौपाल में अधिकारी गायब

'प्रशासन आपके द्वार' की उड़ी धज्जियां

फरियाद लेकर पहुंचे ग्रामीणों में निराशा

केवल स्वास्थ्य विभाग ने निभाई जिम्मेदारी

ग्रामीणों ने डीएम से की निरीक्षण मांग

उत्तर प्रदेश सरकार की मंशा है कि प्रशासन खुद चलकर ग्रामीणों की चौखट तक पहुंचे और लोगों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो। इसी सोच के साथ चंदौली जिले की तहसील नौगढ़ के ग्राम पंचायत बाघी और मझगावां में शुक्रवार को 'चलो चंदौली, प्रशासन आपके द्वार' अभियान के तहत जन चौपाल का आयोजन किया गया। लेकिन आयोजन के बाद समाधान से ज्यादा चर्चा उन गायब अधिकारियों की रही, जिन पर जनता की शिकायतें सुनने की मुख्य जिम्मेदारी थी।

फरियादी पहुंचे आस लेकर, लेकिन जिम्मेदार रहे नदारद
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वे राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, वृद्धा व विधवा पेंशन, राजस्व विवाद और गांव के विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतें लेकर चौपाल में पहुंचे थे। लेकिन मौके पर स्थिति इसके उलट देखने को मिली। खंड विकास अधिकारी (बीडीओ), सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), कानूनगो और क्षेत्र के लेखपाल समेत कई अहम विभागों के अधिकारी चौपाल से नदारद रहे। मझगावां गांव के लोगों का तो यह भी आरोप है कि वहां पंचायत सचिव तक मौजूद नहीं थे।

केवल स्वास्थ्य विभाग ने निभाई अपनी जिम्मेदारी
चौपाल के दौरान बाघी गांव में प्रधान नीलम ओहरी के साथ पंचायत सचिव जितेंद्र सिंह मौजूद दिखे। वहीं मझगावां में आरबीएसके टीम के संविदा चिकित्सक डॉ. नीरज कुमार और एएनएम नीतू सिंह ने नवजात बच्चों का अन्नप्राशन और गर्भवती महिलाओं की गोद भराई जैसी रस्में संपन्न कराईं। ग्रामीणों का कहना है कि केवल स्वास्थ्य विभाग का अमला ही अपनी ड्यूटी निभाता नजर आया, जबकि जमीनी समस्याओं का निस्तारण करने वाले विभागों की मौजूदगी बेहद कमजोर रही।

ग्रामीणों की डीएम साहब से सीधी गुहार
जन चौपाल का असली मकसद यह है कि ग्रामीणों को अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए तहसील और ब्लॉक मुख्यालय के चक्कर न काटने पड़ें। लेकिन अगर जिम्मेदार अधिकारी ही चौपाल में नहीं आएंगे, तो फिर जनता को न्याय कौन देगा? अब नौगढ़ के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली से सीधी गुहार लगाई है कि वे अगली जन चौपाल में बिना किसी पूर्व सूचना के औचक निरीक्षण करें, ताकि बैनर और तस्वीरों के पीछे की असली हकीकत सामने आ सके और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय हो सके।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*