नौगढ़ में 53 साल से अटका विस्थापन का विवाद, जंगल बना जंग का मैदान; मझगावा-भरदुआ में बवाल
नौगढ़ के मझगावा-भरदुआ में 53 साल पुराना जमीन का विवाद फिर भड़क उठा। वन भूमि पर जुताई को लेकर किसानों ने नौगढ़-रॉबर्ट्सगंज मुख्य मार्ग जाम कर दिया, जिससे घंटों आवागमन ठप रहा।
नौगढ़ में 53 साल पुराना भूमि विवाद
भरदुआ मोड़ पर किसानों का चक्का जाम
नौगढ़ रॉबर्ट्सगंज मार्ग पर आवागमन ठप
विस्थापन और नामांतरण न होने से आक्रोश
एसडीएम घेराव के बाद भी नहीं निकला हल
चंदौली जिले के नौगढ़ क्षेत्र में वन भूमि और विस्थापितों की जमीन को लेकर छिड़ा विवाद अब बेहद गंभीर रूप ले चुका है। भेड़ाफार्म प्रजनन केंद्र की स्थापना के दौरान किसानों की जमीन ली गई थी, लेकिन 53 साल बीत जाने के बाद भी नामांतरण की कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। इसी प्रशासनिक देरी के कारण विजयपुर-विजौरा के बाद अब मझगावा और भरदुआ में भी वन भूमि पर कब्जे और जुताई को लेकर टकराव बढ़ गया है।

ट्रैक्टर चलते ही भड़का गुस्सा, मुख्य मार्ग किया जाम
गुरुवार सुबह भरदुआ मोड़ के पास विवादित जमीन पर ट्रैक्टर से जुताई और धान रोपाई शुरू होने की खबर फैलते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। किसान रणधीर मिश्रा के समर्थन में आए लोगों ने नौगढ़-रॉबर्ट्सगंज मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। इसके चलते एंबुलेंस, स्कूली बसें और यात्री वाहन घंटों फंसे रहे, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया।
एसडीएम के घेराव के बाद भी नहीं निकला स्थायी हल
ग्रामीणों का कहना है कि कुछ दिनों पहले भी इसी समस्या को लेकर एसडीएम7 विनय कुमार मिश्रा का चार घंटे तक घेराव किया गया था। प्रशासनिक अफसरों को पूरे मामले की पूरी जानकारी होने के बावजूद आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, जिसके चलते किसानों को बार-बार सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
अधिकारियों के आश्वासन पर खुला जाम
हंगामे की सूचना मिलते ही तहसीलदार राहुल सिंह, चकरघट्टा थानाध्यक्ष संतोष कुमार, उपनिरीक्षक अभय प्रताप सिंह और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ। वन विभाग के एसडीओ वरुण सिंह ने स्पष्ट किया कि विभागीय रिकॉर्ड में यह भूमि वन विभाग की है और बिना अनुमति किसी भी प्रकार की जुताई पूरी तरह अवैध है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








