जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ में विकास की नई राह: 8 साल का इंतजार खत्म, 35.40 लाख से चमकेगा मझगाई-जयमोहनी मार्ग

चंदौली के नौगढ़ क्षेत्र में 8 वर्षों से बदहाल मझगाई–जयमोहनी मार्ग का अब कायाकल्प होगा। शासन ने 35.40 लाख रुपये के बजट को हरी झंडी दे दी है, जिससे हजारों ग्रामीणों को जर्जर सड़क से जल्द निजात मिलेगी।

 
 

आठ साल बाद सड़क का कायाकल्प

35.40 लाख रुपये का बजट मंजूर

मझगाई से जयमोहनी तक मरम्मत कार्य

टेंडर प्रक्रिया के बाद निर्माण शुरू

हजारों ग्रामीणों को मिलेगा सुगम रास्ता

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ क्षेत्र में वर्षों से जर्जर पड़ी मझगाई–तिवारीपुर से जयमोहनी तक की सड़क को आखिरकार नई जिंदगी मिलने जा रही है। लगभग तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग की मरम्मत के लिए 35.40 लाख रुपये की कार्ययोजना को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। ग्रामीणों में इस निर्णय से उत्साह का माहौल है। 


आठ वर्षों से बदहाल थी सड़क 
आपको बता दें कि यह मार्ग पिछले करीब आठ वर्षों से उपेक्षा का शिकार था। जगह-जगह गड्ढे, उखड़ी गिट्टियां और धूल-कीचड़ ने सड़क को खतरनाक बना दिया था। बरसात के दिनों में हालात और भी दयनीय हो जाते थे। बाइक सवारों और साइकिल चालकों को आए दिन गिरकर चोटिल होना पड़ता था। कई बार ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से शिकायत की, तब जाकर यह कार्ययोजना तैयार हुई।

गांवों की जीवनरेखा है यह मार्ग  मझगाई–तिवारीपुर से जयमोहनी मार्ग कई गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ता है। तिवारीपुर के साथ इमिलियाडीह और जयमोहनी सहित आसपास के दर्जनों ग्रामीण प्रतिदिन बाजार, अस्पताल और स्कूल जाने के लिए इसी रास्ते पर निर्भर हैं। किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में भारी कठिनाई होती थी। सड़क की मरम्मत से आवागमन सुगम होगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इस मार्ग से कुछ दूरी पर स्थित भगवती मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां दर्शन-पूजन के लिए सोनभद्र और मिर्जापुर समेत आसपास के जिलों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। मार्ग के दुरुस्त होने से धार्मिक गतिविधियों को भी बल मिलने की उम्मीद है।


शीघ्र शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
विभागीय अधिकारियों के अनुसार शासन से स्वीकृति मिलने के बाद अब निविदा (Tender) प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी। कार्य प्रारंभ होने के बाद सड़क की मरम्मत मानक गुणवत्ता के अनुसार कराई जाएगी, ताकि भविष्य में लंबे समय तक समस्या न उत्पन्न हो। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस बार केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि टिकाऊ निर्माण कार्य होगा। नौगढ़ क्षेत्र में इस सड़क मरम्मत को विकास की नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है। वर्षों की उपेक्षा के बाद मिली यह मंजूरी ग्रामीणों के लिए बड़ी राहत और भरोसे की किरण बनकर आई है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*