सैलून में खूनी वारदात: नौगढ़ में बाल कटवा रहे युवक के सिर पर शराबी ने फोड़ी कांच की बोतल, इलाके में सनसनी
चंदौली के नौगढ़ बाजार में सैलून में बाल कटवा रहे युवक के सिर पर नशे में धुत दबंगों ने शराब की बोतल फोड़ दी। वारदात में युवक का सिर फट गया। घटना से नाराज व्यापारियों ने पुलिस सुरक्षा और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
नौगढ़ बाजार के सैलून में बाल कटवा रहे युवक पर हमला
शराब के नशे में धुत आरोपियों ने सिर पर मारी कांच की बोतल
खून से लथपथ होकर बेहोश हुआ अमृतपुर गांव का राजेंद्र
व्यापारियों का आरोप- बाजार में लगा रहता है शराबियों का जमावड़ा
पीड़ित ने थाने में दी नामजद तहरीर, पुलिस कर रही तलाश
चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बे में मंगलवार को एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई। अमृतपुर गांव का रहने वाला राजेंद्र कुमार नौगढ़ कस्बे स्थित विनोद शर्मा के सैलून में बैठकर आराम से बाल कटवा रहा था। तभी अचानक कर्माबांध गांव के रहने वाले दो युवक, धर्मेंद्र और कृष्ण कुमार, शराब के नशे में धुत होकर सैलून में आ धमके।
गमछे में छिपाकर लाया था शराब की बोतल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों आरोपी सैलून में आते ही गाली-गलौज करने लगे। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, एक आरोपी ने अपने गमछे में छिपाकर रखी शराब की भारी बोतल निकाली और सीधे राजेंद्र के सिर पर दे मारी। हमला इतना जोरदार था कि राजेंद्र का सिर फट गया और वह खून से लथपथ होकर कुर्सी से नीचे गिर पड़ा और बेहोश हो गया। वारदात के बाद सैलून में चीख-पुकार मच गई और दोनों आरोपी मौके से भाग निकले।
घटना के बाद व्यापारियों में भारी गुस्सा
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल राजेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ पहुंचाया, जहां डॉ. सत्या सिंह ने उसका प्राथमिक उपचार किया। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है। व्यापारियों का कहना है कि अस्पताल रोड और दुर्गा मंदिर पोखरा के आसपास अक्सर नशेड़ियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे दुकानदार, महिलाएं और ग्राहक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
घटना के बाद पीड़ित राजेंद्र ने नौगढ़ थाने में धर्मेंद्र और कृष्ण कुमार के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। इस मामले में नौगढ़ थाना प्रभारी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान कर ली गई है और पुलिस की टीम उन्हें गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को केवल घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय गश्त बढ़ाकर ऐसी वारदातों पर पहले ही रोक लगानी चाहिए।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








