शराब लेने गया, लौटकर देखा तो गायब थी गाड़ी; दारू के दुकानों के पास गाड़ी चोर सक्रिय
मझगाई कंपोजिट शराब दुकान के पास से बाइक चोरी
पीड़ित शिवनारायण ने समाधान दिवस में दी अर्जी
थाने में प्राथमिकी के बावजूद बरामद नहीं हुआ वाहन
शराब दुकानों के पास सक्रिय है शातिर चोर गिरोह
एसडीएम ने पुलिस को जांच तेज करने के दिए निर्देश
चंदौली जनपद अंतर्गत नौगढ़ तहसील में अपराध और लापरवाही का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहाँ डुमरिया गांव के रहने वाले एक व्यक्ति को शराब की तलब उस वक्त भारी पड़ गई, जब उसकी जीवनभर की कमाई यानी उसकी मोटरसाइकिल पलक झपकते ही चोरी हो गई। पीड़ित ने अब थक-हारकर संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी (SDM) के समक्ष न्याय की गुहार लगाई है।
शराब की दुकान के बाहर से वारदात
घटना नौगढ़ तहसील के मझगाई स्थित कंपोजिट शराब की दुकान की है। डुमरिया निवासी शिवनारायण, पुत्र रामप्यारे, शनिवार को अपनी मोटरसाइकिल से शराब खरीदने गया था। उसने रोज की तरह अपनी गाड़ी दुकान के पास सड़क किनारे खड़ी की और बोतल लेने चला गया। बोतल लेने के बाद वह पास ही थोड़ी दूरी पर जाकर बैठ गया। उसे अंदाजा भी नहीं था कि महज कुछ मिनटों की यह बेफिक्री उसके लिए मुसीबत का सबब बन जाएगी।
लौटकर देखा तो उड़े होश
शिवनारायण ने बताया कि जब वह वापस उस स्थान पर पहुँचा जहाँ उसने गाड़ी खड़ी की थी, तो वहाँ सिर्फ खाली सड़क थी। पहले तो उसे लगा कि शायद किसी परिचित ने मजाक में उसकी बाइक हटा दी होगी, लेकिन काफी खोजबीन के बाद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो उसके होश उड़ गए। उसने बाजार की गलियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन शातिर चोर तब तक अपना काम कर चुके थे। पीड़ित ने तत्काल नौगढ़ थाने में इसकी प्राथमिकी दर्ज कराई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
बाजार में चर्चा: लापरवाही या संगठित गिरोह?
इस घटना के बाद मझगाई बाजार और आसपास के ग्रामीण इलाकों में चर्चाओं का बाजार गर्म है। स्थानीय लोगों का मानना है कि शराब दुकानों के पास अक्सर लोग अपने वाहन असुरक्षित छोड़ देते हैं, जिसका फायदा वाहन चोर गिरोह उठा रहा है। लोग इसे 'नशे में बरती गई लापरवाही' भी कह रहे हैं, तो कुछ लोग पुलिस की गश्त पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और पुलिस की मौजूदगी अनिवार्य होनी चाहिए।
समाधान दिवस में छलका पीड़ित का दर्द
गाड़ी न मिलने और पुलिसिया कार्रवाई से असंतुष्ट शिवनारायण संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम के दरबार पहुँचा। प्रार्थना पत्र देते समय पीड़ित भावुक हो गया। उसने अधिकारियों को बताया कि वह वाहन न केवल उसका सफर का साथी था, बल्कि उसकी रोजी-रोटी का मुख्य साधन भी था। उसकी व्यथा सुनकर एसडीएम ने मामले को गंभीरता से लिया और नौगढ़ पुलिस को जांच तेज कर जल्द से जल्द वाहन बरामद करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







