जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

अमदहां PHC में 6 महीने से डॉक्टर नदारद, स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय कर रहे इलाज, फिर भी नंबर 1

चंदौली के नौगढ़ PHC अमदहां को NQAS में 96.5% स्कोर के साथ नंबर वन घोषित किया गया, लेकिन हकीकत में 6 महीने से डॉक्टर ही नहीं है। 18 गांवों की 35,500 आबादी का इलाज नर्स और वार्ड बॉय के भरोसे, ग्रामीणों में आक्रोश।

 
- नौगढ़ क्षेत्र की PHC अमदहां में 6 महीने से डॉक्टर नदारद
- नर्स और वार्ड बॉय कर रहे हैं इलाज
- NQAS में 96.5% स्कोर के साथ नंबर वन
- 18 गांवों की सेहत दांव पर लगी
- CMO ने जांच कमेटी गठित की

चंदौली जिले के तहसील नौगढ़ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अमदहां को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। इस अस्पताल को हाल ही में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) में 96.5% स्कोर के साथ जिले में नंबर वन घोषित किया गया है। लेकिन जमीनी हकीकत इस प्रमाण पत्र पर ही सवाल खड़े कर रही है। कागज पर नंबर वन और जमीन पर डॉक्टर ही नहीं, यही इस अस्पताल की कहानी है।

18 गांवों की सेहत दांव पर

PHC अमदहां पर 6 महीने से डॉक्टर नहीं हैं। 18 गांवों और करीब 35,500 की आबादी वाले इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से स्टाफ नर्स और वार्ड बॉय के भरोसे चल रही हैं। इस पीएचसी पर हजारों लोगों की सेहत निर्भर है। गरीब ग्रामीण इलाज के लिए यहीं आते हैं। लेकिन डॉक्टर न होने से उन्हें सही इलाज नहीं मिल रहा है। लोगों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

कागज पर हो रहा है इलाज

स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि डॉक्टर की तैनाती न होने से मरीजों का इलाज वार्ड बॉय और स्टाफ नर्स करते हैं। चंदौली समाचार की टीम जब मौके पर पहुंची तो एक बच्चे का इलाज वार्ड बॉय और स्टाफ नर्स करते मिले। यह नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया। क्या बिना डॉक्टर के इलाज हो सकता है? ग्रामीणों ने बताया कि यह रोज की बात है।

ग्रामीण रामप्रसाद ने बताया, "डॉक्टर साहब कभी-कभी ही आते हैं, ज्यादातर नर्स ही दवा दे देती हैं। अब सुन रहे हैं कि अस्पताल नंबर वन बन गया है, तो समझ नहीं आ रहा कैसे?"

CMO साहब बताइए फिर कैसे आया नंबर वन?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब अस्पताल में डॉक्टर ही नहीं है, तो NQAS की टीम ने किन मानकों पर 96.5% स्कोर देकर इसे नंबर वन घोषित कर दिया? क्या पूरी जांच सिर्फ कागजों पर हुई है? क्या टीम ने अस्पताल का दौरा भी किया था? ग्रामीणों ने इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ कागजी खानापूर्ति है।

सीएमओ ने क्या कहा?

इस मामले में CMO चंदौली ने कहा, "PHC अमदहां को NQAS में अच्छा स्कोर मिला है, इसकी जानकारी है। डॉ. अविनाश कुमार की तैनाती कर दी गई है। उन्हें नोटिस जारी किया गया है। एक जांच कमेटी गठित की गई है, 7 दिन में रिपोर्ट मांगी गई है।"

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अवधेश पटेल ने आश्वासन दिया है कि मरीजों को परेशानी न हो, इसके लिए अतिरिक्त स्टाफ नर्स और एक वैकल्पिक चिकित्सक की तैनाती जल्द की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*