चकरघट्टा से आते ही एक्शन में SHO संतोष कुमार: नौगढ़ में मोबाइल दुकानदार पर गोली चलाने वाला 'लक्कड़' गिरफ्तार
नौगढ़ में मोबाइल दुकानदार पर गोली चलाकर एक हफ्ते से पुलिस को चकमा दे रहे मुख्य आरोपी 'लक्कड़' को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। नए थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने कमान संभालते ही यह पहला बड़ा एक्शन लिया है। जानिए क्या थी पूरी वारदात।
नौगढ़ पुलिस का पहला बड़ा एक्शन
हथेली में गोली मारने वाला आरोपी गिरफ्तार
चकरघट्टा से ट्रांसफर होकर आए SHO संतोष कुमार का अपराधियों पर कड़ा रुख
7 अगस्त को पुरानी रंजिश में मोबाइल दुकानदार पर हुआ था जानलेवा हमला
विशेषरपुर गांव से दबोचा गया मुख्य आरोपी विकाश यादव उर्फ ‘लक्कड़’
वारदात में शामिल दूसरे फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम
चंदौली जिले के नौगढ़ थाने की जिम्मेदारी संभालते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने अपराधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। चकरघट्टा थाने से ट्रांसफर होकर नौगढ़ आए संतोष कुमार ने चार्ज लेते ही पहला बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने करीब एक हफ्ते से फरार चल रहे मुख्य आरोपी विकाश यादव उर्फ ‘लक्कड़’ को उसके गांव विशेषरपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
रास्ता रोककर मारी थी हथेली में गोली
मामला 7 अगस्त की शाम का है। मझगाईं गांव के रहने वाले एक मोबाइल दुकानदार अपने दोस्त शिवम के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। नौगढ़ मार्ग पर पीछे से आए दो युवकों ने अचानक उनकी बाइक के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि विकाश यादव उर्फ 'लक्कड़' और उसके साथी ने पहले गाली-गलौज की और फिर दुकानदार को जबरन बाइक से नीचे उतार लिया।
पुरानी रंजिश में किया था हमला
बातचीत के दौरान ही लक्कड़ के साथी ने कमर से तमंचा निकाला और बेहद करीब से फायर कर दिया। गोली दुकानदार के बाएं हाथ की हथेली को चीरती हुई निकल गई। गोली लगते ही युवक सड़क पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए। घायल को तुरंत सीएचसी नौगढ़ ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया था।
मुखबिर की सूचना पर घर से उठाया
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया था। नौगढ़ थाने का प्रभार लेते ही थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने मामले की छानबीन तेज कर दी। 14 अगस्त को मुखबिर से मिली पक्की सूचना पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी विकाश यादव उर्फ लक्कड़ को उसके घर से ही दबोच लिया। पूछताछ में उसने पुरानी रंजिश के चलते गोली मारने की बात कबूल की है।
दूसरे आरोपी की तलाश जारी
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने साफ शब्दों में कहा है कि इलाके में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपी लक्कड़ को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है, वहीं वारदात में शामिल उसके दूसरे साथी की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है। इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक मनोज कुमार यादव, अजय कुमार, हेड कांस्टेबल जालंधर यादव और सुरेश कुमार शामिल रहे।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








