जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ में विधायक का हो रहा इंतजार, बिजली विभाग को सुधारिए नेता जी, 48 घंटे से अंधेरे में रह रहे हैं 700 परिवार

चंदौली के नौगढ़ कस्बा बाजार में 400 केवीए का ट्रांसफार्मर जलने से 700 घरों की बिजली 48 घंटे से गुल है। स्पेयर ट्रांसफार्मर होने के बावजूद ट्रॉली तैयार न होने से पूरा कस्बा अंधेरे और पानी के संकट से जूझ रहा है।

 
 

बुधवार रात बारिश में जला ट्रांसफार्मर

700 घरों में बिजली-पानी का संकट

ट्रॉली ट्रांसफार्मर न होने से देरी

विधायक कैलाश आचार्य की चुप्पी पर नाराजगी

शाम तक बिजली बहाल करने का दावा

 चंदौली जिले के नौगढ़ कस्बा बाजार में बिजली व्यवस्था का बहुत बुरा हाल है। यहाँ 400 केवीए का मुख्य ट्रांसफार्मर खराब होने से सिर्फ बिजली ही नहीं गुल हुई, बल्कि बिजली विभाग की आपातकालीन तैयारियों की भी पोल खुलकर सामने आ गई है। सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि विभाग के पास नया स्पेयर ट्रांसफार्मर गोदाम में मौजूद था, लेकिन वह ट्रॉली पर लोड नहीं था।

अगर बिजली विभाग ने इस ट्रांसफार्मर को पहले से ही ट्रॉली पर तैयार हालत में रखा होता, तो आज नौगढ़ के 700 से अधिक परिवारों को पिछले 48 घंटों से अंधेरे और पानी के भीषण संकट से नहीं जूझना पड़ता। बुधवार की रात को हुई तेज बारिश के दौरान इस ट्रांसफार्मर में बड़ा फॉल्ट आ गया और यह पूरी तरह से जल गया।

आधी अधूरी मरम्मत और बढ़ती चली गई परेशानी
बुधवार रात को शिकायत मिलने के बाद बिजली विभाग की तकनीकी टीम गुरुवार की सुबह मौके पर पहुंची। कर्मचारियों ने घंटों तक इसकी मरम्मत करने की कोशिश की और दोपहर में एक बार सप्लाई चालू भी की गई। लेकिन अंदरूनी तकनीकी खराबी की वजह से यह ट्रांसफार्मर लोड नहीं ले सका और दोबारा बंद हो गया। इसके बाद विभाग ने इसे पूरी तरह कबाड़ यानी खराब घोषित कर दिया।

कस्बे के लोगों का कहना है कि जब विभाग को पता है कि यह मुख्य लाइन है, तो उन्हें बैकअप के लिए ट्रॉली ट्रांसफार्मर तैयार रखना चाहिए था। अब स्टोर से नया ट्रांसफार्मर मंगाने, उसे ट्रॉली पर चढ़ाने और फिर से फिट करने की सुस्त कागजी प्रक्रिया और क्रेन के इंतजार ने पूरे नौगढ़ कस्बे की जनता को मुसीबत में डाल दिया है।

बिजली के साथ पानी भी बंद, विधायक की चुप्पी से गुस्सा
बिजली गुल होने से कस्बे और आसपास के करीब 700 घरों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। लगभग हर घर में समरसेबल पंप लगे हैं, जिससे पानी की एक-एक बूंद के लिए लोग तरस रहे हैं। उमस भरी इस भीषण गर्मी में छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत खराब है। दुकानदारों का धंधा चौपट हो चुका है और छात्रों की पढ़ाई रुक गई है। इस बड़े संकट पर क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य की चुप्पी से भी स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

इस पूरे मामले पर पावर ग्रिड के सुपरवाइजर देवेश यादव ने बताया कि टीम ने पुरानी मशीन को सुधारने का पूरा प्रयास किया था, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। वहीं, अवर अभियंता (JE) रवि शंकर ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर लगाने के लिए जरूरी कागजी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी गई है। उन्होंने दावा किया कि आज शाम तक हर हाल में नया ट्रांसफार्मर चालू कर बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*