डबल इंजन की सरकार में 'दो-कौड़ी' का काम, ठेकेदार व कमीशनखोर कर रहे सरकार को बदनाम
चंदौली के नौगढ़ में पीडब्ल्यूडी की एक महीने पहले बनी सड़क पहली बारिश में ही धंस गई। पुलिया टूटने और घटिया निर्माण को लेकर ग्राम प्रधान ने डीएम और सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। पढ़ें पूरी खबर!
नौगढ़ में एक महीने पुरानी सड़क धंसी
पहली बारिश में ही उखड़ी पीडब्ल्यूडी की पोल
ग्राम प्रधान ने डीएम और सीएम से की शिकायत
जेई और ठेकेदार पर लगा भ्रष्टाचार का आरोप
ग्रामीणों ने की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में सरकारी निर्माण की गुणवत्ता पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चिकनी बैरगाढ़ में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा बनाई गई नई सड़क पहली बारिश का हल्का सा थपेड़ा भी नहीं सह सकी। सड़क बीच से धंस गई है और पास ही बनी पुलिया की रेलिंग व स्लैब में गहरी दरारें आ गई हैं। इस घटना ने पूरे निर्माण सिस्टम की कलई खोलकर रख दी है।

ग्राम प्रधान ने डीएम और सीएम से की शिकायत
सड़क के इस तरह अचानक धंस जाने से चिकनी बैरगाढ़ और आसपास के ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों का रास्ते से गुजरना खतरनाक हो गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्राम पंचायत चिकनी के प्रधान संत लाल यादव ने जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग को पत्र लिखा है। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पोर्टल (सीएम पोर्टल) पर भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई है।

जेई और ठेकेदार पर लगा सरकारी धन की लूट का आरोप
ग्राम प्रधान का कहना है कि महज एक महीने पहले बनी सड़क का पहली बारिश में ही टूट जाना बेहद गंभीर मामला है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया और तय तकनीकी मानकों को ताक पर रख दिया गया। ग्रामीणों ने जेई और ठेकेदार पर सरकारी पैसे के दुरुपयोग का सीधा आरोप लगाया है।
मामले की निष्पक्ष जांच की उठ रही मांग
सड़क जनता के टैक्स के पैसे से बनती है, इसलिए अब इसकी जवाबदेही तय करने की मांग जोर पकड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि जांच केवल कागजों या दफ्तरों तक सीमित न रहे। मौके पर जाकर सड़क और सामग्री की तकनीकी जांच होनी चाहिए। मुख्यमंत्री तक शिकायत पहुंचने के बाद अब प्रशासन में हलचल बढ़ गई है। देखना यह होगा कि जांच की आंच जिम्मेदार अफसरों और ठेकेदार तक पहुंचती है या यह मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








