जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ में रेंजर अमित श्रीवास्तव का 'सट्राइक' जारी: बोल्डर लदे दो ट्रैक्टर जब्त, खनन माफियाओं में हड़कंप

नौगढ़ के जयमोंहनी रेंज में रेंजर अमित श्रीवास्तव की टीम ने अवैध खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बोल्डर लदे दो ट्रैक्टरों को सीज किया है। लगातार हो रही कार्रवाई से वन भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों में दहशत है।

 
 

बरहवा मोड़ पर दो ट्रैक्टर सीज

अवैध बोल्डर परिवहन का पर्दाफाश

सोनभद्र के दो चालक गिरफ्तार

रेंजर अमित श्रीवास्तव की सख्त चेतावनी

बिना परमिट हो रहा था खनन

चंदौली जनपद के नौगढ़ क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन और वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने मोर्चा खोल दिया है। रविवार को जयमोंहनी रेंज के रेंजर अमित श्रीवास्तव के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बरहवा मोड़ के पास सघन चेकिंग अभियान चलाकर बोल्डर से लदे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया। रेंजर की इस लगातार कार्रवाई से पूरे इलाके के खनन माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

घेराबंदी कर पकड़े गए ट्रैक्टर, चालकों की हुई पहचान
रेंजर अमित श्रीवास्तव को उनके मोबाइल पर गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध बोल्डर से लदे वाहन क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही उन्होंने टीम के साथ बरहवा मोड़ पर मोर्चा संभाल लिया। पहले एक ट्रैक्टर को रोका गया, जिसके चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन वन कर्मियों की सतर्कता के कारण वह सफल नहीं हो सका। इसके ठीक आधे घंटे बाद उसी स्थान से दूसरा बोल्डर लदा ट्रैक्टर भी पकड़ा गया।

पकड़े गए चालकों की पहचान हर्षराज और राकेश के रूप में हुई है, जो लोहरा सुकृत (थाना राबर्ट्सगंज, सोनभद्र) के निवासी हैं। जांच में वाहनों के पास न तो कोई वैध कागजात मिले और न ही बोल्डर परिवहन के लिए कोई अधिकृत रवन्ना परमिट मौजूद था।

लगातार अभियान से अवैध गतिविधियों पर लगाम
रेंजर अमित श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि वन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने 'चन्दौली समाचार' से बात करते हुए कहा, “वन भूमि पर अवैध कब्जा और खनिज का अवैध परिवहन कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आने वाले दिनों में उन कब्जाधारियों के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा जिन्होंने वन विभाग की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है।”

उल्लेखनीय है कि रेंजर अमित श्रीवास्तव की टीम पिछले कई दिनों से सक्रिय है। इससे पहले भी उन्होंने जयमोंहनी पोस्ता में बोल्डर लदे ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन को सीज कर बड़ी कार्रवाई की थी।

टीम की सक्रियता और विधिक कार्रवाई
इस सफल कार्रवाई में वन दरोगा सोमेश प्रथम, वन रक्षक भोला यादव, निर्भय सिंह और प्रेम सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रेंजर ने अपनी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वन क्षेत्र की सुरक्षा और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए निगरानी चौबीसों घंटे जारी रहेगी। फिलहाल पकड़े गए दोनों ट्रैक्टरों को जयमोंहनी रेंज कार्यालय में खड़ा कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*