नौगढ़ के जंगलों में फिर चला रेंजर का डंडा: अतिक्रमण के लिए लाई गई जेसीबी पकड़ी गई
नौगढ़ वन क्षेत्र में रेंजर अमित श्रीवास्तव ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण की कोशिश में लगी जेसीबी पकड़ी है। गेदुरहवा जंगल में नाले को पाटकर जमीन समतल करने की साजिश नाकाम हो गई।
नौगढ़ वन विभाग की बड़ी कार्रवाई
गेदुरहवा जंगल में जेसीबी पकड़ी गई
रेंजर अमित श्रीवास्तव का सख्त रुख
चंदौली-सोनभद्र बॉर्डर पर वन माफिया
जंगल को समतल करने की साजिश नाकाम
चंदौली जिले के नौगढ़ वन क्षेत्र में माफियाओं के हौसले फिर से पस्त हो गए हैं। रेंजर अमित श्रीवास्तव की मुस्तैदी के चलते एक बार फिर अवैध रूप से जंगल समतल करने की कोशिश को नाकाम कर दिया गया है। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर एक जेसीबी मशीन को जब्त कर लिया है, जो वन भूमि को कब्जाने की तैयारी में जुटी थी।

चंदौली जिले में तहसील नौगढ़ के चकरघट्टा थाना क्षेत्र में चंदौली–सोनभद्र बॉर्डर पर स्थित मझगांई रेंज के गेदुरहवा जंगल में शनिवार को पूर्वाहन में वन भूमि पर कब्जा करने की एक और कोशिश को वन विभाग ने नाकाम कर दिया।
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव की सक्रियता और जंगल में फैले उनके मुखबिरों के नेटवर्क के कारण अतिक्रमणकारियों की पूरी योजना उजागर हो गई और मौके से जेसीबी मशीन पकड़ ली गई, जबकि कब्जे की नीयत से पहुंचे लोग जंगल की ओर भाग निकले।
रेंजर अमित श्रीवास्तव ने बनाया है मुखबिरों का मजबूत नेटवर्क .....
सूत्रों के अनुसार जयमोंहनी और मझगांई रेंज के जंगलों में वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने अपने मुखबिरों का मजबूत नेटवर्क तैयार कर रखा है, जो जंगल में होने वाली गतिविधियों पर लगातार नजर रखता है। इन्हीं मुखबिरों ने सुबह-सुबह मोबाइल पर सूचना दी कि महदेवा वीट के गेदुरहवा जंगल में कुछ लोग जेसीबी लेकर पहुंचे हैं और प्राकृतिक नाले को खोदने के बाद जंगल की मिट्टी से उसे पाटकर जमीन को समतल करने की तैयारी कर रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे वन भूमि पर अवैध कब्जा करने की योजना थी।
हरकत में आया वन विभाग तो जेसीबी छोड़कर भागा ड्राइवर
सूचना मिलते ही रेंजर अमित श्रीवास्तव ने तत्काल वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा। वन दरोगा महेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम में वन दरोगा महेंद्र सिंह चौहान, बीरबल यादव और सुरेश यादव सहित अन्य वनकर्मी जैसे ही जंगल के भीतर पहुंचे, वहां जेसीबी मशीन से जमीन समतल करने की तैयारी चल रही थी। वन विभाग की टीम को सामने देखकर अतिक्रमणकारी जंगल की ओर भाग निकले। जेसीबी चालक भी मशीन छोड़कर फरार हो गया। हालांकि वन विभाग की टीम ने मौके से जेसीबी मशीन को कब्जे में ले लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
दूसरे चालक की मदद से रेंज कार्यालय लाई गई जेसीबी
जेसीबी चालक के मौके से भाग जाने के कारण मशीन को रेंज कार्यालय तक लाना चुनौती बन गया। ऐसे में वन विभाग को दूसरे ड्राइवर की मदद लेनी पड़ी, जिसके माध्यम से जेसीबी को सुरक्षित मझगांई रेंज कार्यालय लाया गया।
अतिक्रमणकारियों पर भारी पड़ रहे रेंजर, बनेगा मास्टर प्लान
बताया जा रहा है कि मझगांई रेंज में अतिक्रमणकारियों पर लगातार सख्ती के कारण रेंजर अमित श्रीवास्तव भारी पड़ रहे हैं। वन विभाग आने वाले दिनों में जंगल को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार कर रहा है। इस योजना के तहत जंगल में कब्जा की गई जमीन को अभियान चलाकर खाली कराया जाएगा और खाली कराई गई भूमि पर पौधरोपण कर जंगल को फिर से हरा-भरा बनाने की तैयारी की जा रही है।
जंगल पर कब्जे की कोशिश नहीं होने देंगे रेंजर अमित श्रीवास्तव
वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव ने स्पष्ट कहना है कि जंगलों पर अवैध कब्जा करने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जंगल में जेसीबी या अन्य मशीनरी लगाकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। पकड़ी गई जेसीबी की सीजर रिपोर्ट प्रभागीय वनाधिकारी को भेजी जा रही है और पूरे मामले की जांच कर दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








