नौगढ़ में आधी रात का दर्दनाक सड़क हादसा: घंटों सड़क पर तड़पते रहे दो घायल, देर से पहुंची मदद
चंदौली के नौगढ़-सोनभद्र मार्ग पर देर रात साइकिल और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों काफी देर तक सड़क पर तड़पते रहे, बाद में राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची और अस्पताल ले जाया गया।
नौगढ़ में आधी रात सड़क हादसा
सड़क पर घंटों तड़पते रहे घायल
मोबाइल चार्ज कर लौटते समय हादसा
साइकिल और बाइक की जोरदार भिड़ंत
एंबुलेंस पहुंचने से बची दोनों की जान
चंदौली जिले के नौगढ़-सोनभद्र मुख्य मार्ग पर बरहमपुल के पास गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने एक बार फिर रात के समय आपातकालीन व्यवस्था और सड़क सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए। आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक बुजुर्ग और एक मजदूर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े रहे। सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि काफी देर तक उनकी मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। आखिरकार राहगीरों ने 108 एंबुलेंस को सूचना देकर दोनों की जान बचाई।
बरहमपुल के पास आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत
चकरघट्टा थाना क्षेत्र के देवदत्तपुर गांव निवासी रमाशंकर तिवारीपुर कस्बे से घरेलू सामान और मोबाइल रिचार्ज कर साइकिल से अपने घर लौट रहे था। इसी दौरान लक्ष्मणपुर गांव के सेंटरिंग कारीगर सियाराम और नागेंद्र मोटरसाइकिल से काम खत्म कर वापस घर जा रहे थे। बरहमपुल के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल और मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और दोनों घायल सड़क पर गिर पड़े।
साथी छोड़कर भागा, घायल सड़क पर तड़पते रहे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद मोटरसाइकिल पर सवार नागेंद्र मौके से फरार हो गया। रात का समय होने के कारण काफी देर तक दोनों घायल सड़क पर ही दर्द से कराहते रहे। इस दौरान कोई तत्काल मदद के लिए नहीं पहुंचा। बाद में वहां से गुजर रहे लोगों ने मानवता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगढ़ पहुंचाया गया।
एक का पैर टूटा, दूसरे के सिर पर गंभीर चोट
सीएचसी नौगढ़ में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि वृद्ध रमाशंकर के दाहिने पैर की हड्डी टूट गई है और कमर में भी गंभीर चोटें आई हैं, जिसके कारण वह खड़े तक नहीं हो पा रहे थे। वहीं सियाराम के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें होने के कारण दोनों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








