जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

एयर शो के चक्कर में नौगढ़ से 65 सफाईकर्मी भेजे गए बनारस, त्योहारों के बीच सड़कों पर बिखरा कूड़ा

वाराणसी एयर शो के लिए नौगढ़ से 65 सफाईकर्मियों को बनारस भेज दिया गया है। त्योहारों के बीच नौगढ़ में गंदगी फैलने पर प्रशासन से निराश होकर स्थानीय युवाओं ने खुद झाड़ू उठाकर सफाई का जिम्मा संभाला।

 
 

एयर शो के लिए 65 सफाईकर्मी वाराणसी रवाना

नौगढ़ इलाके में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप

नवरात्र और त्योहारों में सड़कों पर कूड़े के ढेर

युवाओं ने खुद झाड़ू उठाकर की मंदिर की सफाई

स्थानीय लोगों ने सफाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की

वाराणसी के नमो घाट पर होने वाले भव्य एयर शो की तैयारियों का सीधा असर अब पड़ोसी जिले चंदौली के नौगढ़ इलाके की सफाई व्यवस्था पर दिखने लगा है। एयर शो की वजह से नौगढ़ क्षेत्र में सफाई का काम पूरी तरह से ठप हो चुका है। प्रशासन ने नौगढ़ क्षेत्र में तैनात कुल 91 सफाईकर्मियों में से 65 कर्मचारियों की ड्यूटी 18 से 26 अक्टूबर तक वाराणसी में लगा दी है। इन सभी सफाईकर्मियों को वाराणसी में यादव चौराहा से लेकर मेन रोड दुलहीपुर तक सफाई व्यवस्था संभालने का काम सौंपा गया है।

बाकी बचे कर्मचारी संभाल रहे दूसरे दफ्तरों का काम
नौगढ़ में कागजों पर 26 सफाईकर्मी बचे हुए हैं, लेकिन इनसे भी स्थानीय स्तर पर सफाई का काम नहीं हो पा रहा है। दरअसल, इनमें से कई कर्मचारी पिछले कई सालों से तहसील, ब्लॉक और अन्य सरकारी दफ्तरों में ऑपरेटर और चालक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस वजह से नौगढ़ के गांवों, कस्बों, बाजारों, प्रमुख मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों पर सफाई का काम पूरी तरह से बंद हो गया है। जगह-जगह गंदगी पसरने से स्थानीय निवासियों की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं।

त्योहार के सीजन में सड़कों पर लगे कूड़े के ढेर
नवरत्न और नवरात्र जैसे पावन पर्व के दौरान भी इलाके में चारों तरफ कूड़े के ढेर नजर आ रहे हैं। सड़कों, मुख्य चौराहों और पूजा स्थलों के आसपास गंदगी बिखरी होने के कारण दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पावन पर्व के दौरान गंदगी के बीच से गुजरने को मजबूर स्थानीय निवासियों और दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं में प्रशासन के इस फैसले को लेकर काफी नाराजगी देखने को मिल रही है।

जब नहीं आई पुलिस-प्रशासन की मदद, युवाओं ने संभाला मोर्चा
सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त होने पर रविवार को दुर्गा मंदिर परिसर में शुरू होने वाली नौ दिवसीय श्रीराम कथा से ठीक पहले स्थानीय युवाओं ने खुद मोर्चा संभाल लिया। जब मंदिर परिसर और आसपास की सफाई नहीं हुई, तो युवाओं ने किसी का इंतजार नहीं किया। स्थानीय युवाओं ने अपने हाथों में झाड़ू थामकर मंदिर परिसर और आसपास के पूरे इलाके को खुद साफ कर चमका दिया। इसके साथ ही ग्रामीणों और युवाओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि नौगढ़ में नियमित सफाई व्यवस्था को तुरंत बहाल किया जाए।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*