नौगढ़ में अवैध खनन: आधी रात नौगढ़ में SDM और CO का छापा, तीन ट्रैक्टर-JCB सीज पर खनन माफिया फरार!
नौगढ़ के जयमोहनी भुर्तियां गांव में देर रात एसडीएम और सीओ की संयुक्त टीम ने अवैध मिट्टी खनन पर बड़ा छापा मारा। मौके से तीन ट्रैक्टर और जेसीबी तो सीज हो गए, लेकिन असली खिलाड़ी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पूरी खबर पढ़ें।
जयमोहनी भुर्तियां में आधी रात को बड़ा छापा
एसडीएम विकास मित्तल और सीओ की संयुक्त कार्रवाई
तीन मिट्टी लदे ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन सीज
अंधेरे का फायदा उठाकर खनन माफिया हुए फरार
केवल वाहन नहीं, पूरे नेटवर्क को खंगालने की तैयारी
चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील क्षेत्र में अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने कमर कस ली है। जयमोहनी भुर्तियां गांव में मंगलवार की देर रात अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासनिक अधिकारियों ने एक बड़ी छापेमारी की। रात के करीब 11:30 बजे जब पूरा इलाका सो रहा था, तब एसडीएम विकास मित्तल, तहसीलदार राहुल सिंह और सीओ नामेंद्र कुमार रावत की संयुक्त टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर धमक गई।
एसडीएम विकास मित्तल और सीओ की संयुक्त कार्रवाई
— Vijay Kumar Tiwari (@vijayku49133779) June 10, 2026
तीन मिट्टी लदे ट्रैक्टर और जेसीबी मशीन सीज
अंधेरे का फायदा उठाकर खनन माफिया हुए फरार@dmchandauli @SNaugarh77499 @CMOfficeUP pic.twitter.com/p6BNPXw2Z8
मशीनें तो हाथ आईं, मगर इंसान गायब
प्रशासन की इस अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। टीम ने तुरंत एक्शन लेते हुए अवैध खनन में लगी एक जेसीबी मशीन और मिट्टी ढो रहे तीन ट्रैक्टरों को अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान एक अजीब बात सामने आई। पुलिस को देखकर खनन कार्य में शामिल मजदूर, ड्राइवर और मुख्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। रात के लगभग 1 बजे तक चली इस मैराथन कार्रवाई के बाद अब पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
क्या लीक हो गया था साहब का चेकिंग प्लान?
इलाके के ग्रामीणों के बीच अब यह बड़ा सवाल तैर रहा है कि जब अधिकारियों ने इतनी गोपनीयता के साथ जाल बिछाया था, तो आरोपियों को इसकी भनक पहले कैसे लग गई? क्या विभाग के भीतर ही कोई ऐसा मुखबिर मौजूद है जो खनन माफियाओं तक साहब के पल-पल के मूवमेंट की जानकारी पहुंचा रहा है? लोगों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर जेसीबी लगाकर मिट्टी का सीना चीरा जा रहा था, तो निश्चित ही इसके पीछे कोई बड़ा सिंडिकेट काम कर रहा है जिसकी पहचान होना बेहद जरूरी है।

सिर्फ गाड़ियों की जब्ती तक सीमित नहीं रहेगी जांच
मामले को लेकर एसडीएम विकास मित्तल ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पकड़े गए सभी वाहनों को सीज कर दिया गया है और विधिक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की कार्रवाई सिर्फ गाड़ियों को पकड़ने तक सीमित नहीं रहने वाली है, बल्कि गाड़ी के मालिकों और इस अवैध कारोबार को संरक्षण देने वाले असली चेहरों को भी चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जनता की नजरें अब अगली कार्रवाई पर
आधी रात को हुई इस बड़ी रेड ने यह साफ संकेत दे दिया है कि तहसील प्रशासन अवैध खनन को लेकर बेहद गंभीर है। अब नौगढ़ क्षेत्र के आम लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस और प्रशासन की यह जांच सिर्फ इन लावारिस छोड़े गए वाहनों तक ही सिमट कर रह जाती है, या फिर जांच की आंच उन सफेदपोशों तक भी पहुंचेगी जिनके इशारे पर यह पूरा खेल महीनों से फल-फूल रहा था।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








