जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

नौगढ़ में बारिश बनते ही बेकाबू हुए जहरीले सांप, 4 लोगों को काटा; डॉक्टरों ने दी झाड़-फूंक न करने की चेतावनी

चंदौली के नौगढ़ में बारिश के मौसम के बीच 24 घंटे में चार लोगों को सांप ने काट लिया। एक महिला की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि तीन का इलाज सीएचसी में जारी है। डॉक्टर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील कर रहे हैं।

 
 

नौगढ़ में 24 घंटे में 4 सर्पदंश की घटनाएं

एक महिला की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

खेतों, घर और नित्यक्रिया के दौरान सर्पदंश

सीएचसी नौगढ़ में एंटी स्नेक वेनम से इलाज

सर्पदंश पर झाड़-फूंक के बजाय तुरंत जाएं अस्पताल

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील क्षेत्र में बारिश का मौसम शुरू होते ही जहरीले जीवों और सांपों का खतरा काफी ज्यादा बढ़ गया है। यहां खेत, घर और नित्यक्रिया के लिए बाहर जाने वाले लोग कहीं भी पूरी तरह सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। बुधवार को महज 24 घंटे के अंदर अलग-अलग जगहों पर चार लोगों को जहरीले सांप ने डस लिया। इन हादसों के बाद इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया है।

naugarh-snake-bite-cases-4-people-bitten-in-24-hours

घर में बैठे युवक को जहरीले सांप ने काटा

पहली घटना अमदहा गांव की है, जहां बुधवार शाम करीब 6 बजे 19 साल का वीरेंद्र कुमार अपने घर के अंदर बैठा हुआ था। बारिश की वजह से बिल से निकलकर घर में घुसे एक जहरीले सांप ने अचानक उसके दोनों पैरों में डस लिया। वीरेंद्र की तबीयत बिगड़ते देख घरवाले उसे तुरंत सीएचसी नौगढ़ लेकर भागे। वहां डॉक्टरों ने बिना देर किए एंटी स्नेक वेनम का इंजेक्शन लगाया, जिससे उसकी जान बच सकी और अब उसकी हालत में सुधार है।

धान की रोपाई और हाथ-पैर धोते समय हुए शिकार

दूसरी घटना में मझगई गांव की निवासी राधिका (पत्नी राममूरत) खेत में धान की रोपाई कर रही थीं, तभी सांप ने उनके बाएं पैर में काट लिया। लगभग आधे घंटे तक होश न आने और हालत लगातार बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनकी हालत काफी नाजुक बनी हुई है। वहीं, अमदहा गांव का रहने वाला वीरेंद्र (पुत्र मुन्ना) जब खेत में काम खत्म कर हाथ-पैर धो रहा था, तब उसके पैर में भी सांप ने काट लिया। उसका इलाज भी फिलहाल सीएचसी में जारी है।

नित्यक्रिया के लिए गए युवक के मुंह से निकला झाग

तीसरी घटना मझगाई गांव के सर्वजीत मौर्या (पुत्र बलवंत मौर्या) के साथ हुई। सर्वजीत बुधवार सुबह नित्यक्रिया के लिए खेतों और बांध की ओर गया था। रास्ते में उसके पैर पर सांप ने डस लिया। जहर का असर इतना तेज था कि उसके मुंह से झाग निकलने लगा और वह वहीं अचेत होकर गिर पड़ा। आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों ने जब उसे देखा, तो तुरंत निजी साधन की मदद से सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉ. सत्या सिंह ने फौरन इलाज शुरू कर उसकी जान बचाई।

अस्पताल आने में बिल्कुल न करें देरी: डॉक्टर

क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए डॉ. चंद्रा ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी भी जहरीले जीव या सांप के काटने पर लोग बिल्कुल न घबराएं और झाड़-फूंक या अंधविश्वास के चक्कर में कीमती समय बर्बाद न करें। अगर मरीज को समय पर अस्पताल लाकर एंटी वेनम दे दिया जाए, तो उसकी जान आसानी से बचाई जा सकती है। उन्होंने सलाह दी है कि रात में निकलते समय टॉर्च का इस्तेमाल करें और पैरों को पूरी तरह ढककर ही बाहर निकलें।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*