जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ में आवारा कुत्तों का खूनी अटैक: स्कूल जा रहे 10 मासूम बच्चों को नोच चुके हैं कुत्ते, गंभीर हालत में अस्पताल भर्ती

चंदौली के नौगढ़ में आवारा कुत्तों का खौफनाक कहर टूटा है। यहाँ एक मासूम बच्चे को कुत्ता घसीटकर ले जाने लगा, वहीं स्कूल जा रहे 10 बच्चों को कुत्तों ने काटकर लहूलुहान कर दिया। सभी घायलों का इलाज जारी है।

 
 

आवारा कुत्तों का खूनी आतंक

मासूम बच्चे को घसीटा गया

स्कूल जाते 10 बच्चे घायल

सीएचसी नौगढ़ में चला इलाज

ग्रामीणों में भारी डर का माहौल

 चंदौली जिले के वनांचल क्षेत्र नौगढ़ में आवारा कुत्तों का आतंक अब सीधे मासूमों की जान पर बन आया है। गुरुवार को मझगावां गांव में एक दिल दहला देने वाला हादसा होते-होते बचा। यहाँ अपने घर के बाहर खेल रहे महज तीन साल के मासूम कृष्णा पर एक खूंखार आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया और उसे मुंह से दबाकर घसीटते हुए ले जाने लगा। बच्चे की चीख सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने जैसे-तैसे कुत्ते को भगाकर मासूम को उसके चंगुल से छुड़ाया।

naugarh-stray-dog-attack-injured-ten-children

स्कूल जा रहे 10 छात्र-छात्राओं को नोचा
कुत्तों के आतंक की यह अकेली घटना नहीं थी। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से स्कूल जा रहे करीब 10 बच्चों को भी आवारा कुत्तों ने निशाना बनाया। देवरी गांव के जयप्रकाश और रामप्रसाद को कुत्तों के झुंड ने घेरकर काट लिया। इसके अलावा बोदलपुर गांव में कक्षा एक के छात्र, बाघी गांव के कक्षा चार के छात्र शिवम और मझगाई गांव की नंदिनी व उसके छोटे भाई मुकेश को भी स्कूल जाते समय कुत्तों ने अपना शिकार बनाया।

मानसी की हालत नाजुक, सीएचसी में भर्ती
इन हमलों में सबसे गंभीर रूप से घायल मझगाई गांव की कक्षा दो की छात्रा मानसी हुई है। आवारा कुत्ते ने मानसी के हाथ, पैर और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह से नोचकर लहूलुहान कर दिया। आनन-फानन में सभी घायल बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगढ़ लाया गया। जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया।

एंटी रेबीज इंजेक्शन देकर डॉक्टरों ने दी सलाह
सीएचसी के डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि गंभीर रूप से घायल छात्रा मानसी को विशेष निगरानी में रखकर जरूरी इंजेक्शन लगाए गए हैं। वहीं अन्य पीड़ित बच्चों को एंटी रेबीज और टीटी के टीके लगाए गए हैं। डॉक्टरों ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि कुत्ते के काटने पर घाव को तुरंत साबुन और साफ पानी से अच्छी तरह धो लें और बिना देरी किए सीधे सरकारी अस्पताल पहुंचें। इस घटना के बाद से पूरे इलाके के ग्रामीणों में दहशत है और लोग बच्चों को अकेले बाहर भेजने से डर रहे हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*