जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलChandauliSamachar_Logo

Naugarh Power Cut: सुखदेवपुर गांव में 2 महीने से अंधेरा, बिजली विभाग ने काटी पूरे गांव की बिजली, कटियामारों को FIR की चेतावनी

नौगढ़ के चकरघट्टा थाना क्षेत्र में मगरही पंचायत के सुखदेवपुर गांव में 2 महीने से बिजली गुल, अवैध कटिया से बिजली जलाने पर विभाग ने काटी सप्लाई, JE योगेंद्र पाल ने दी FIR की चेतावनी।

 
 

पूरे गांव की बिजली काटी

2 महीने से अंधेरे में गांव

अवैध कटिया पर कार्रवाई

सुखदेवपुर में बिजली चोरी पकड़ी

कनेक्शन लेने पर लौटेगी रोशनी

चंदौली जिले की तहसील नौगढ़ के चकरघट्टा थाना क्षेत्र में पंचायत मगरही के सुखदेवपुर गांव में पिछले 2 महीने से बिजली नहीं है। बिजली विभाग ने पूरे गांव की सप्लाई काट दी है। बताया जा रहा है कि गांव के लोग बिना वैध कनेक्शन के अवैध कटिया डालकर बिजली जला रहे थे। विभाग की कार्रवाई के बाद से पूरा गांव अंधेरे में डूबा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

बिजली चोरी पर सख्ती, अवैध कटिया हटाए गए

बिजली चोरी को लेकर प्रशासन अब सख्त हो गया है। विभाग को लगातार लाइन लॉस की शिकायत मिल रही थी। इसी शिकायत के बाद विभाग की टीम ने गांव में छापेमारी की और जांच-पड़ताल कर अभियान चलाया। इस दौरान दर्जनों अवैध कटिया बरामद हुईं।

विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर पोल पर लटके सभी अवैध कटिया के तारों को हटाया। विभाग ने साफ कर दिया है कि बिना कनेक्शन बिजली जलाना अपराध है और ऐसे मामलों में अब लगातार कार्रवाई की जाएगी। टीम ने मौके से अवैध तारों को जब्त भी किया है।

जेई योगेंद्र पाल ने बताया कि इस अवैध कटिया से विभाग को हर महीने लाखों रुपये का नुकसान हो रहा था। गांव के लगभग सभी घर कटिया से ही बिजली जला रहे थे, जिससे ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ रहा था और विभाग को राजस्व का नुकसान हो रहा था।

नहीं मिला कनेक्शन, मजबूरी में कटिया लगाई - ग्रामीण

दूसरी तरफ ग्रामीणों का भी अपना पक्ष है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई महीने पहले बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। विभाग के चक्कर काट-काट कर थक गए, लेकिन कनेक्शन नहीं मिला।

ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरे में बच्चों की पढ़ाई और घर का काम नहीं हो पा रहा था, इसलिए मजबूरी में उन्हें कटिया का सहारा लेना पड़ा। अब बिजली कटने से उनकी समस्या और बढ़ गई है। शाम होते ही पूरा गांव अंधेरे में डूब जाता है। बच्चों को पढ़ाई में दिक्कत हो रही है, मोबाइल चार्ज नहीं हो पा रहा है और घर के काम भी प्रभावित हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने कई बार विभाग से कनेक्शन देने की गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। अब जब पूरे गांव की बिजली काट दी गई तो उनकी परेशानी दोगुनी हो गई है।

आगे क्या होगा, कनेक्शन लेने पर ही लौटेगी रोशनी

जेई योगेंद्र पाल ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा कि विभाग कनेक्शन देने को तैयार है। जो भी ग्रामीण वैध कागज के साथ आवेदन करेगा, उसे 24 घंटे के अंदर कनेक्शन दे दिया जाएगा।

उन्होंने चेतावनी दी कि जिन-जिन गांवों से कटिया हटाया गया है, अगर दोबारा कटिया लगाई गई तो संबंधित लोगों पर FIR दर्ज की जाएगी और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे अवैध तरीके से बिजली न जलाएं और वैध कनेक्शन लें।

फिलहाल सुखदेवपुर गांव में अभी भी अंधेरा पसरा है। अब देखना यह है कि ग्रामीण वैध कनेक्शन लेते हैं और गांव में फिर से रोशनी लौटती है या फिर अंधेरे में ही रहने को मजबूर होते हैं।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*