15 अगस्त को नौगढ़ के 4 ठिकानों पर गूंजेगा 'वंदे मातरम्', 150 पौधों से सजेंगी राष्ट्रगीत की खास वाटिकाएं
स्वतंत्रता दिवस पर नौगढ़ में देशभक्ति और पर्यावरण संरक्षण की अनोखी मिसाल देखने को मिलेगी। राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' के 150 साल पूरे होने पर राजदरी और औरवाटाड़ जलप्रपात समेत 4 जगहों पर 150 पौधे लगाकर खास वाटिकाएं बनाई जाएंगी।
नौगढ़ में 4 जगहों पर बनेगी वंदे मातरम् वाटिका
150 पौधों से सजेगी आजादी का जश्न
राजदरी और औरवाटाड़ जलप्रपात पर विशेष तैयारी
एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ा कार्यक्रम
इस बार स्वतंत्रता दिवस पर चंदौली जिले के नौगढ़ में आजादी का जश्न सिर्फ तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं रहेगा। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 15 अगस्त को नौगढ़ में चार अलग-अलग स्थानों पर ‘वंदे मातरम् वाटिका’ विकसित की जाएगी। हर वाटिका में 20-20 पौधे लगाए जाएंगे और कुल 150 पौधों के साथ देशभक्ति और प्रकृति को बचाने का नया संदेश दिया जाएगा।

राजदरी और औरवाटाड़ जलप्रपात पर भी बनेंगी वाटिकाएं
काशी वन्यजीव प्रभाग की ओर से तैयार की जा रही इन वाटिकाओं का सबसे खूबसूरत पहलू यह है कि इसके लिए औरवाटाड़ और प्रसिद्ध राजदरी जलप्रपात को चुना गया है। प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) बी. शिव शंकर का कहना है कि यह केवल एक दिन का पौधारोपण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि नौगढ़ को नई पर्यावरणीय पहचान देने की कोशिश है। यहां आने वाले पर्यटक सिर्फ जलप्रपात देखकर न जाएं, बल्कि पर्यावरण बचाने का संदेश भी साथ लेकर लौटें।
15 अगस्त को सुबह 10 बजे एक साथ शुरू होगा पौधारोपण
15 अगस्त की सुबह 10 बजे चारों स्थानों पर एक साथ पौधारोपण शुरू होगा। इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, स्कूल-कॉलेज के छात्र, एनसीसी, एनएसएस और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी हिस्सा लेंगे। पौधों की सुरक्षा, नियमित देखभाल और संरक्षण के लिए सभी चारों स्थानों पर अलग-अलग वन क्षेत्राधिकारियों (RO) को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जानिए किस अधिकारी को कहां की मिली जिम्मेदारी
औरवाटाड़ जलप्रपात: यहां बनने वाली वाटिका की जिम्मेदारी वन क्षेत्राधिकारी संजय श्रीवास्तव को दी गई है।
राजदरी जलप्रपात: चंद्रप्रभा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश दुबे की निगरानी में पर्यटकों को जैव विविधता की सीख देने के लिए वाटिका सजेगी।
मझिगांई रेंज: यहां वन क्षेत्राधिकारी मोहन कुमार सिंह पौधों को लगाने और उनके नियमित रखरखाव की निगरानी करेंगे।
हरितिमा पौधशाला: नौगढ़-मधुपुर मार्ग पर स्थित इस पौधशाला में वन क्षेत्राधिकारी अमित श्रीवास्तव की देखरेख में पौधे रोपे जाएंगे।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ेगी यह पहल
हरितिमा पौधशाला और अन्य वाटिकाओं में नीम, पीपल, बरगद, सागौन जैसे छायादार पेड़ों के अलावा आम, जामुन और बेल जैसी फलदार व औषधीय प्रजातियों के गुणवत्ता युक्त पौधे लगाए जाएंगे। चारों वाटिकाओं को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से भी जोड़ा गया है। 15 अगस्त को एक तरफ हाथों में तिरंगा होगा, तो दूसरी तरफ मिट्टी में पौधे रोपे जाएंगे और 'वंदे मातरम्' के नारों से पूरा नौगढ़ गूंज उठेगा।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








