पानी भरने को लेकर जेठ से हुआ झगड़ा, हैंडपंप पर पानी लेने के विवाद में महिला ने गटका जहर, जिला अस्पताल रेफर
चंदौली के अतरवा गांव में हैंडपंप से पानी भरने की बात पर जेठ से हुए विवाद के बाद बहू ने कीटनाशक खा लिया। गंभीर हालत में महिला को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
चंदौली के अतरवा गांव में पानी भरने को लेकर पारिवारिक विवाद
जेठ ने हैंडपंप से पानी भरने पर रोका, सबमर्सिबल जाने को कहा
विवाद से दुखी होकर महिला ने घर में रखा कीटनाशक खाया
हालत बिगड़ने पर सीएचसी नौगढ़ से जिला अस्पताल चंदौली रेफर
पुलिस को तहरीर मिलने के बाद शुरू होगी कानूनी कार्रवाई
चंदौली जिले की नौगढ़ तहसील स्थित शमशेरपुर पंचायत के अतरवा गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। एक ही परिवार में हैंडपंप से पानी भरने को लेकर मामूली विवाद हुआ, जिसके बाद आहत होकर एक विवाहिता ने कीटनाशक खा लिया। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) नौगढ़ ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसे जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया।
जेठ ने हैंडपंप से पानी भरने पर लगाया था रोड़ा
पीड़िता के पति लाल बहादुर ने बताया कि दोपहर में उसकी पत्नी सोनी घर के पास लगे हैंडपंप पर पानी लेने गई थी। वहां पहले से मौजूद उसके जेठ नंदलाल और बाबूलाल ने उसे हैंडपंप से पानी भरने से मना कर दिया और सबमर्सिबल से पानी लेने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस और कहासुनी हो गई। बहस बढ़ने पर सोनी बिना पानी लिए ही खाली हाथ अपने घर लौट आई।
अपमान और गुस्से में उठाया आत्मघाती कदम
पति के मुताबिक, घर लौटने के बाद सोनी इस कहासुनी और अपमान से काफी दुखी थी। इसी गुस्से में उसने घर में फसलों पर छिड़कने के लिए रखा कीटनाशक पी लिया। कुछ ही देर में वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ी और उसके मुंह से झाग निकलने लगा। पड़ोस की महिलाओं ने जब उसे इस हालत में देखा तो पति को सूचना दी। परिजन तुरंत एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी नौगढ़ लेकर पहुंचे।
डॉक्टरों ने जिला अस्पताल किया रेफर
सीएचसी नौगढ़ में तैनात डॉ. अजीत सिंह ने महिला का शुरुआती इलाज किया, लेकिन हालत बिगड़ती देख उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल चंदौली रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला की स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में पानी और बंटवारे को लेकर पहले से ही तनातनी चल रही थी। पुलिस का कहना है कि अभी कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है, तहरीर मिलते ही जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*







