खुद को थाने का चौकीदार बताकर घर में घुसा बदमाश, महिला और पति से मारपीट, दांत से काटा
खुद को बताया थाने का चौकीदार
घर में घुसकर महिला से बदसलूकी
विरोध पर दंपती को दांत से काटा
पुलिस से पहचान का दिखाया रौब
घटना के बाद अमदहां चौकी पहुंचा आरोपी
चंदौली जिले के नौगढ़ थाना क्षेत्र स्थित अमदहां चरनपुर गांव से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पुलिस व्यवस्था और खाकी के नाम का रौब दिखाकर एक युवक ने कानून को खुली चुनौती दे डाली। पीड़िता का आरोप है कि खुद को नौगढ़ थाने का चौकीदार बताने वाला युवक जबरन उनके घर में घुस आया। उसने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो गया।
घर में घुसकर दी धमकी और किया हमला
पीड़िता अनीता पत्नी गुरुदयाल की तहरीर के मुताबिक यह वाकया 4 अगस्त 2026 की दोपहर करीब ढाई बजे का है। गांव का ही रहने वाला चौथी पुत्र हरिचन, जो खुद को थाने का चौकीदार बताता है, उनके घर में बिना इजाजत दाखिल हो गया। उसने गाली-गलौज करते हुए पीड़िता से अश्लील बातें कहीं। आरोपी ने पुलिस में अपनी ऊंची पहुंच का धौंस जमाते हुए कहा कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

पति-पत्नी को दांत से काटा
शोर-शराबा सुनकर जब महिला के पति गुरुदयाल मौके पर पहुंचे और विरोध जताया, तो आरोपी ने डंडे से हमला कर दिया। जब अनीता ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उन्हें दांत से काट लिया। इसके बाद आरोपी ने गुरुदयाल को भी दांत से काटकर घायल कर दिया। इस दौरान हुई हाथापाई में पीड़ित के गले में पहना सोने का लॉकेट भी टूटकर नीचे गिर गया। आसपास के लोगों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ भाग निकला।
चौकी पहुंचकर खुद को बताया पीड़ित
स्थानीय ग्रामीणों में चर्चा है कि घटना को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी खुद अमदहां पुलिस चौकी पहुंच गया और अपने साथ मारपीट होने की झूठी शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। घटना के फौरन बाद आरोपी का पुलिस के पास पहुंच जाना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि उसने चौकी में क्या जानकारी दी थी।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर नौगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की तरफ से शिकायतें मिली हैं। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच-पड़ताल कर रही है। अधिकारियों का दावा है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*








