जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

22 साल के सुभाष की करंट से मौत, पीठ पर गिरा तार या मीटर जोड़ते समय हुआ हादसा

चंदौली के पिपराही गांव में 22 वर्षीय सुभाष की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद गांव में मातम है, लेकिन मौत की वजह पर सस्पेंस गहरा गया है। तार टूटने और मीटर जोड़ने की दो अलग कहानियों ने मामला उलझा दिया है। पूरी सच्चाई जानने के लिए पढ़ें।

 
 

नौगढ़ के पिपराही गांव में करंट से युवक की मौत

22 साल के सुभाष कुमार की जान जाने से मातम

आंधी में पीठ पर बिजली का तार गिरने का दावा

लाइनमैन का आरोप, मीटर में केबिल जोड़ते समय लगा करंट

पोस्टमार्टम और पुलिस जांच से साफ होगी हादसे की वजह

चंदौली जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले की नौगढ़ तहसील के पिपराही गांव में 22 साल के युवा सुभाष कुमार की करंट लगने से जान चली गई है। इस अचानक हुए हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। सुभाष की मौत के बाद से ही उसके परिवार और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, लेकिन इस दर्दनाक मौत की वजह को लेकर अब एक नया सस्पेंस खड़ा हो गया है।

प्रधान ने बताई आंधी और तार टूटने की कहानी
हादसे को लेकर गांव में दो अलग-अलग बातें कही जा रही हैं। गांव के प्रधान युसूफ मियां का कहना है कि दोपहर के वक्त सुभाष घर से बाहर पेशाब करने के लिए निकला था। उस समय हल्की आंधी चल रही थी। तभी अचानक बिजली का एक केबिल टूटकर सीधे उसकी पीठ पर आ गिरा। सुभाष ने बिना देखे पीछे हाथ ले जाकर तार को हटाने की कोशिश की और वह तेज करंट की चपेट में आ गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल सोनभद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

लाइनमैन के दावे ने खड़ा किया नया विवाद
दूसरी तरफ, बिजली विभाग के एक लाइनमैन ने इस कहानी को पूरी तरह खारिज कर दिया है। लाइनमैन का दावा है कि सुभाष घर के बिजली मीटर में सीधे केबिल जोड़ रहा था। इसी लापरवाही के दौरान जोरदार करंट लगने से उसके हाथ झुलस गए और मौके पर ही उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई। लाइनमैन का यह भी कहना है कि मौके पर कोई तार टूटा ही नहीं है, जिसे कोई भी जाकर देख सकता है।

जांच के बाद ही सामने आएगा सच
एक तरफ जहां पीठ पर तार गिरने की बात कही जा रही है, वहीं दूसरी तरफ बिजली कनेक्शन से छेड़छाड़ के दौरान हादसा होने की चर्चा है। इन दोनों अलग-अलग दावों ने पुलिस और बिजली विभाग के सामने बड़ी गुत्थी खड़ी कर दी है। अब सुभाष की मौत का असली सच पुलिस की तफ्तीश, बिजली विभाग की तकनीकी पड़ताल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*