जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

ऐसे होता है 'चंदौली समाचार' की खबर का बड़ा असर: चूना लेकर क्लस्टर आवास स्थल पहुंचे नौगढ़ BDO राकेश सिंह

मझगावा में अटके मुख्यमंत्री क्लस्टर आवास प्रोजेक्ट पर 'चंदौली समाचार' की खबर का धमाकेदार असर हुआ है। खबर छपने के अगले ही दिन डीएम के आदेश पर बीडीओ अपनी पूरी टीम और चूना लेकर मौके पर नापी कराने पहुंच गए।

 
 

'चंदौली समाचार' की खबर का बड़ा असर

3 जुलाई को प्रमुखता से छपी थी खबर

शनिवार को मझगावा पहुंचे बीडीओ राकेश सिंह

चूना डालकर आवासों की कराई गई मार्किंग

27 मई को हुआ था योजना का भूमि पूजन

चंदौली जिले के नौगढ़ विकास खंड से एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है, जहाँ मीडिया की ताकत और प्रशासनिक संवेदनशीलता का अनोखा तालमेल देखने को मिला। शुक्रवार, 3 जुलाई 2026 को 'चंदौली समाचार' ने मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री क्लस्टर आवास परियोजना को लेकर एक खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। इस खबर में "योजना पर लग सकता है ग्रहण" शीर्षक के जरिए निर्माण कार्य में हो रही देरी, प्रशासनिक सुस्ती और धीमी रफ्तार को लेकर तीखे सवाल उठाए गए थे। इस खबर के छपते ही जिले के आला अधिकारियों में खलबली मच गई।

naugharh-bdo-action-cluster-housing-project-impact

डीएम के आदेश पर मैदान में उतरी पूरी टीम
खबर का असर इस कदर हुआ कि इसके अगले ही दिन यानी शनिवार, 4 जुलाई को मझगावा गांव स्थित क्लस्टर आवास स्थल पर भारी प्रशासनिक हलचल दिखाई देने लगी। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत निर्देश जारी किए। डीएम के आदेश मिलते ही खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) राकेश सिंह अपनी पूरी तकनीकी टीम और हाथ में चूना लेकर सीधे मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों की इस अचानक एंट्री को देखकर गांव के लोग और लाभार्थी भी हैरान रह गए।

naugharh-bdo-action-cluster-housing-project-impact

एक महीने का इंतजार और चंद घंटों में पैमाइश
आपको बता दें कि इस महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री क्लस्टर आवास योजना का भूमि पूजन बीते 27 मई को बड़े-बड़े दावों और गांव के विकास के संकल्प के साथ किया गया था। लेकिन भूमि पूजन के एक महीने से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य ने रफ्तार नहीं पकड़ी थी। काम ठप होने से परियोजना की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे थे। शनिवार को बीडीओ राकेश सिंह, जूनियर इंजीनियर कमलेश, सहायक विकास अधिकारी (एडीओ पंचायत) उपेंद्र कुमार साहनी और इंजीनियर बागीश कुमार ने मिलकर जमीन की नापी की और चूना डालकर हर एक आवास की मार्किंग कर काम शुरू कराया।

बीडीओ बोले— मकान की मजबूती से समझौता न करें
मौके पर निर्माण कार्य की विधिवत शुरुआत कराने के बाद बीडीओ राकेश सिंह ने वहां मौजूद लाभार्थियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने ग्रामीणों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि "यह आपका अपना घर है, इसलिए इसके निर्माण कार्य पर खुद अपनी नजर रखें। मकान पूरी तरह मजबूत और अच्छी क्वालिटी का बनना चाहिए क्योंकि गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।" बीडीओ ने भरोसा दिया कि इस प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करने के लिए प्रशासनिक टीम अब लगातार इसकी निगरानी करेगी। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ईश्वर प्रसाद भी उपस्थित रहे।

गरीबों के पक्के घर का सपना होगा सच
शुक्रवार तक जहाँ मझगावा गांव के गरीब लाभार्थियों के मन में यह डर सता रहा था कि कहीं उनका पक्के मकान का सपना सरकारी फाइलों में ही न दफन हो जाए, वहीं शनिवार को अधिकारियों की इस मुस्तैदी ने उनके चेहरों पर मुस्कान ला दी है। अब ग्रामीणों और लाभार्थियों के दिलों में अपने घर को लेकर एक नई उम्मीद जाग गई है। हालांकि, अब पूरे क्षेत्र की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जिलाधिकारी का यह ड्रीम प्रोजेक्ट केवल चूना डालने तक सीमित रहता है या तय समय सीमा के भीतर पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पूरा होता है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*