जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

नौगढ़ में महिला शक्ति का महाकुंभ: 500 महिलाओं ने भरी हुंकार, समान अधिकार और आत्मनिर्भरता का लिया संकल्प।

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर नौगढ़ में महिला शक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। 500 से अधिक महिलाओं ने शिक्षा और आत्मनिर्भरता का संकल्प लिया, वहीं बालिकाओं के नाटक ने सबको झकझोर कर रख दिया।

 
 

नौगढ़ में महिला सशक्तिकरण महाकुंभ

ग्राम्या संस्थान की बड़ी पहल

500 महिलाओं ने ली आत्मनिर्भरता शपथ

कन्या भ्रूण हत्या के विरुद्ध नाटक

शिक्षा और समान अधिकारों की गूंज

नौगढ़ क्षेत्र के लालतापुर स्थित चिराग शैक्षणिक केंद्र में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला जागरूकता और सशक्तिकरण का एक बड़ा मंच देखने को मिला। ग्राम्या संस्थान की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में नौगढ़ और चकिया विकास खंड से आई करीब 500 से अधिक महिलाओं और किशोरियों ने भाग लेकर समान अधिकार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का सामूहिक संकल्प लिया। 

chandauli news women empowerment rally, chandauli khabar international womens day
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस कार्यक्रम में सामाजिक मुद्दों पर खुली चर्चा, प्रेरक गीतों और मार्मिक नाटक की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को संवेदनशील और प्रेरणादायी बना दिया। समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। किशोरियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत को गरिमामय बना दिया। मंच पर उपस्थित अतिथियों को बैज लगाकर सम्मानित किया गया। महिला दिवस को समर्पित थीम गीत नीतू सिंह और वरिष्ठ महिला समूह लीडर्स ने सामूहिक रूप से प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

महिलाओं के अधिकार और संघर्ष पर हुई चर्चा
ग्राम्या संस्थान की निदेशक बिन्दु सिंह ने कहा कि समय बदलने के बावजूद महिलाओं को आज भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और समान अधिकार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने जेंडर समानता, महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सम्मान के मुद्दों को रेखांकित करते हुए कहा कि समाज के विकास के लिए महिलाओं का सशक्त और जागरूक होना जरूरी है।

नुक्कड़ नाटक ने दिया बेटा-बेटी समानता का संदेश


कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं द्वारा कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इस नाटक ने बेटा और बेटी के बीच भेदभाव खत्म करने और समाज में बेटियों को बराबरी का दर्जा देने का सशक्त संदेश दिया। कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। महिलाओं के स्वयं के उत्थान, रोजगार की चुनौतियों, जेंडर असमानता और घरेलू व कार्यस्थल पर होने वाली हिंसा जैसे मुद्दों पर भी संवाद किया गया। इस अवसर पर “बेटी हूं मैं बेटी, मैं तारा बनूंगी” जैसे प्रेरक गीतों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा भर दी। महिला लीडर लक्ष्मीना ने समाज में बदलाव के लिए सभी को कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। 


आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
महिला आरक्षी सरिता सिंह और ममता ने महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 और 1090 के बारे में जानकारी दी। बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न की स्थिति में महिलाएं इन नंबरों का उपयोग कर सकती हैं। 


महिलाओं को नेतृत्व के लिए आगे आने का आह्वान- अध्यक्षा 

ग्राम्या संस्थान की अध्यक्षा पद्मा सिंह ने महिलाओं को समाज और देश के नेतृत्व में आगे आने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि घर की जिम्मेदारियों के साथ-साथ महिलाएं समाज में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं और ऐसे आयोजनों में भाग लेकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बन सकती हैं। कार्यक्रम के अंत में निदेशक बिन्दु सिंह ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से चंदौली पुलिस अधीक्षक और स्थानीय पुलिस टीम को सहयोग और जलपान व्यवस्था के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम का संचालन नीतू और सुरेन्द्र ने किया। इस अवसर पर करीब 500 से अधिक महिलाएं और किशोरियां मौजूद रहीं, जिससे कार्यक्रम महिला जागरूकता का एक बड़ा मंच बन गया।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*